Jdnews Vision….
संतोष कुमार गुप्ता …..
*गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र की घटना, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज; पुलिस ने आरोपी युवक पर दर्ज किया मुकदमा…
गोरखपुर : : शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी में एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां डेढ़ साल पहले ब्याह कर आई एक नवविवाहिता घर से करीब 25 लाख रुपये के जेवरात, डेढ़ लाख रुपये नकद और दो लैपटॉप समेटकर अपने प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी निवासी सूरज ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके भतीजे का विवाह लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व संतकबीरनगर जिले के एक गांव निवासी खुशी सिंह के साथ हुआ था। शादी के शुरुआती महीनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बीते कुछ समय से विवाहिता के व्यवहार में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा था।परिजनों के मुताबिक, सोमवार की देर रात करीब 1:30 बजे विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। सुबह जब परिवार के लोग जागे और घर की तलाशी ली, तो अलमारी से 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने, 1.50 लाख रुपये नकद और दो लैपटॉप गायब देख उनके होश उड़ गए। रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो गुरुवार को परिजनों ने शाहपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी।
*सीसीटीवी कैमरे ने खोला साजिश का राज….
…
मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में विवाहिता घर से फरार होने से पहले शाम करीब 5:30 बजे संगम चौराहा स्थित एक होटल में जाती दिखी, जहां उसने सिद्धार्थनगर निवासी विवेक कुमार सिंह से मुलाकात की थी। होटल से मिलने के बाद वह वापस घर लौटी और परिजनों का आरोप है कि पूर्व नियोजित साजिश के तहत उसी रात 1:30 बजे नकदी व जेवरात लेकर प्रेमी संग फरार हो गई।
*क्या कहती है पुलिस….
शाहपुर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक से मुलाकात की पुष्टि हुई है। परिजनों की शिकायत पर आरोपी विवेक कुमार सिंह के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। सर्विलांस टीम की मदद से दोनों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
Jd News Vision