Jdnews Vision….
लखनऊ, : : विशेष संवाददाता। यूपीडा के बाद एनएचएआई ने भी सर्दी के दिनों हादसों पर रोक थाम के लिए सतर्कता निर्देश जारी किए हैं। साथ ही कोहरे के दौरान अधिकतम स्पीड 30 किलोमीटर प्रतिघंटा निर्धारित की है।
टोल प्लाजा पर ही वाहन चालकों को सूचना दी जाएगी कि आगे कितने किमी पर कोहरा पड़ रहा है, ताकि सावधान रहें। रोड इंजीनियरिंग, सुरक्षा उपाय तथा ट्रैफिक राजमार्ग संचालन व रखरखाव इंतजाम किए हैं।
क्षेत्रीय अधिकारी अब्दुल बासित ने पिछले वर्ष कोहरे के कारण हुई दुर्घटनाओं के आंकड़ों के साथ हादसे के बचाव के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। यूपी में पिछले वर्ष नवंबर से जनवरी के बीच कोहरे के कारण 318 दुर्घटनाएं हुई थी। यूपी के 73 जिलों में ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां बार-बार दुर्घटनाएं हुईं। बस्ती पूर्वी शहर 20, शाहजहांपुर के खुदागंज बाजार में 21, अमरोहा के गजरौली में 16, कानपुर नगर के घाटमपुर में 10 तथा सिधौली 10, कानपुर देहात के भोगनीपुर में दुर्घटनाएं हुईं।
कमजोर दृश्यता के कारण पिछले साल जहां दुर्घटनाएं हुई थी, वहां हादसों की वजह और उसके मुताबिक सुधार के कदम उठाए गए हैं। वेरिएबल मैसेज साइन बोर्ड पर कोहरे की स्थिति तथा गति सीमा प्रदर्शित की जाएगी। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए भी कोहरे वाले इलाकों में 30 किमी प्रतिघंटा से गाड़ी चलाने की चेतावनी दी जाएगी। बोर्ड पर कोहरे वाले स्थान, पार्किंग एरिया की सूचना भी डिस्प्ले होगा।
इंटरसेप्टर की मदद से गति पर नजर….
हाईवे पर टोल प्लाजा और बाजारों के अलावा अधिसंख्य राजमार्गों पर कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसी स्थिति में इंटरसेप्टर की मदद से वाहनों की गति सीमा की निगरानी की जाएगी। आटोमेटिक चालान की भी व्यवस्था रहेगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिसकी मदद की जाएगी।
एक्सप्रेसवे पर दो टाइम जोन स्पीड तय…..
यूपीडा ने सभी एक्सप्रेसवे पर सुबह 8 से रात 8 और रात 8 से सुबह 8 बजे के बीच दो टाइम जोन में तीन गति सीमा तय की है। सुबह 8 से रात 8 बजे के बीच कार के लिए दिन में 80, रात में 60, बसों के लिए दिन में 60, रात में 50 तथा ट्रक व बड़े मालवाहक के लिए दिन में 50 और रात में 40 किमी प्रति घंटा की स्पीड तय है। यह सीमा 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। सामान्य दिनों में कार 120, बस 100 तथा मालवाहक के लिए 80 किमी प्रतिघंटा तय है। 26 अक्तूबर से 21 नवंबर के बीच पुलिस ने इंटरसेप्टर के साथ 21 घंटे का अभिचान चलाया था। इस अवधि में सभी 9 एक्सप्रेसवे पर 29,785 चालान किए गए। यह औसतन प्रतिघंटे 1418 चालान रहा। गंगा एक्सप्रेसवे पर कारें 170 से 160 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से दौड़ते मिली, जबकि अधिकतम सीमा 80 किमी तय है।
Jd News Vision