कसौधन समाज के जाति प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही बाधाओं को लेकर मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर सौपा पत्र….
Jdnews Vision…..
बलरामपुर: : कसौधन समाज के पात्र व्यक्तियों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने में आ रही समस्याओं को लेकर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दिलीप कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी देवीपाटन में मुलाकात कर पत्र सौपकर हस्तक्षेप की मांग की है।
पत्र में उन्होंने कहा कि कसौधन समाज के पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए लंबे समय से शासन एवं जिला प्रशासन के समक्ष लगातार पत्राचार और अनुरोध किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई वर्षों से प्रयास किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। संबंधित अधिकारियों द्वारा शासन को सही एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बजाय भ्रामक अथवा अपूर्ण रिपोर्ट लगाए जाने से पात्र लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण कसौधन समाज के गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शासन के आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कसौधन समाज के पात्र व्यक्तियों को जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। साथ ही बलरामपुर सहित संबंधित जनपदों के जिला प्रशासन को आवेदन पत्रों की नियमानुसार निष्पक्ष जांच कर सही एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाएं।
पत्र में भ्रामक अथवा अपूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने, पात्र व्यक्तियों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश देने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।
Jd News Vision