Breaking News

बिहार में चाय उद्योग के जनक राज करण दफ्तरी को मिला राष्ट्रीय सम्मान

Jdnews Vision….

(सुरेन्द्र मुणोत)

…..राज्य प्रमुख…..

पांच एकड़ से शुरू हुआ सफर बना हजारों एकड़ के चाय उद्योग की नींव; ‘किसान ऑफ इंडिया सम्मान 2026’ से दिल्ली में हुए सम्मानित…

किशनगंज/नई दिल्ली : : बिहार के कृषि और औद्योगिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाले किशनगंज के प्रख्यात उद्यमी एवं चाय उद्योग के अग्रदूत राज करण दफ्तरी को प्रतिष्ठित ‘किसान ऑफ इंडिया सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया है। कृषि क्षेत्र में नवाचार और एग्री स्टार्टअप श्रेणी में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। यह उपलब्धि केवल एक उद्यमी की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि सीमावर्ती जिले किशनगंज की पहचान और मेहनत का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। कभी चाय की खेती के लिए अकल्पनीय माने जाने वाले इस क्षेत्र को बिहार के चाय उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने में राज करण दफ्तरी की अग्रणी भूमिका रही है।

राज करण दफ्तरी की यात्रा दूरदृष्टि, जोखिम उठाने के साहस और स्थापित धारणाओं से आगे बढ़कर सोचने की कहानी है। वर्ष 1992 में, जब बिहार में चाय की खेती की कल्पना भी कम लोग करते थे, तब उन्होंने किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड की कालिदास पंचायत के गोरुखाल मौजा में लगभग पांच एकड़ भूमि पर चाय की खेती का प्रयोग शुरू किया। उस दौर में अधिकांश लोगों की धारणा थी कि चाय की खेती केवल असम, दार्जिलिंग और पूर्वोत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों तक ही सीमित है। शुरुआती संदेहों और अनिश्चितताओं के बावजूद उन्होंने क्षेत्र की जलवायु, मिट्टी, प्राकृतिक जल निकासी और भौगोलिक परिस्थितियों का अध्ययन कर संभावनाएं तलाशीं। उनका यह प्रयोग सफल हुआ और धीरे-धीरे अन्य किसानों व उद्यमियों को भी प्रेरणा मिली।

पोठिया से शुरू हुआ यह सफर ठाकुरगंज और किशनगंज के अन्य इलाकों तक पहुंचा। स्थानीय किसानों ने अपनी जमीन पर पौधे लगाने शुरू किए और देखते ही देखते हजारों एकड़ भूमि चाय बागानों में बदल गई। आज बिहार भारत का पाँचवा सबसे बड़ा चाय उत्पादक राज्य बन चुका है। जिले में 12 चाय प्रोसेसिंग यूनिट कार्यरत हैं, जिनसे स्थानीय स्तर पर कच्ची पत्तियों के प्रसंस्करण और विपणन को मजबूती मिली है। अब राजबाड़ी और टीवर्स जैसे ब्रांड्स के माध्यम से बिहार की चाय को देश के विभिन्न बाजारों और उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है।

चाय उद्योग के विस्तार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। पारंपरिक फसलों के अलावा किसानों को एक नया विकल्प मिला, वहीं पौधरोपण, बागानों के रखरखाव, पत्तियों की तुड़ाई, परिवहन, प्रसंस्करण और विपणन में बड़े पैमाने पर काम के अवसर बने। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 25,000 से ज़्यादा लोगों को रोजगार मिला है, जिनमें कृषि मजदूरों और ग्रामीण महिलाओं की बड़ी भागीदारी है। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से दूसरे राज्यों में होने वाले पलायन को कम करने में भी मदद मिली है।

नई दिल्ली में आयोजित समारोह में कृषि, विज्ञान, अनुसंधान और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद थीं। मुख्य अतिथि, पद्म भूषण से सम्मानित कृषि वैज्ञानिक तथा ट्रस्ट फॉर एडवांसमेंट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज (TAAS) के अध्यक्ष और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के पूर्व महानिदेशक डॉ. आर. एस. परोदा ने उनके प्रयासों, समर्पण और नवाचार की सराहना की। उनके हस्ताक्षर से प्रदान किया गया यह सम्मान राज करण दफ्तरी के योगदान की राष्ट्रीय मान्यता है। समारोह में प्रियंबदा जयकुमार, उमाशंकर पांडेय, डॉ. रेनू स्वरूप और डॉ. आर. बी. सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सम्मान की खबर सामने आने के बाद परिवार, शुभचिंतकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। पांच एकड़ से शुरू हुई जिस पहल ने बिहार में चाय उद्योग की एक नई पहचान बनाई, उसे आज राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलना किशनगंज के किसानों, श्रमिकों और बिहार के कृषि उद्यमियों के लिए भी गर्व का विषय है।

About admin

Check Also

बिजली उपभोक्ताओं एवं कर्मचारियों के प्रति शासन संवेदनशील है – मनीष सिंह.. प्रमुख सचिव ऊर्जा  

*बिजली उपभोक्ताओं एवं कर्मचारियों के प्रति शासन संवेदनशील है – मनीष सिंह, प्रमुख सचिव ऊर्जा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *