Jdnews Vision…..
संतोष कुमार गुप्ता…..
कौड़ीराम : : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रविवार को कौड़ीराम क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सूर्यास्त होते ही क्षेत्र के विभिन्न पोखरों, तालाबों और नदियों के घाटों पर छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
कौड़ीराम क्षेत्र के बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर के सामने स्थित पोखरे, पांडेपार, वस्तुपार, माहोपार, गजपुर बाजार के समीप राप्ती नदी, सोहगौरा के पास राप्ती नदी, सुमहीं, कोठा, भलुवान, चंवरिया बुजुर्ग सहित क्षेत्र के तमाम पोखरों, तालाबों और नदियों के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
छठ घाटों पर व्रती महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं। पूजा की टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाकर जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान पूरा वातावरण छठी मइया के भक्तिमय गीतों और जयकारों से गूंज उठा।
Jd News Vision