Jdnews Vision….
अमरीका में करोड़ों की आलीशान इमारतों, कारों और दुनिया भर के सेफ्टी इंतजामों को को कुदरत कैसे एक झटके में तबाह कर सकती है, इसका नजारा 26 नवंबर को देखने को मिला. जब करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए भीषण तूफान और मूसलाधार बारिश ने हर तरफ तबाही मचा..
तेज हवाओं के थपेड़ों ने करोड़ों की लागत से बने आलीशान घर-मकानों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया और रिहायशी इलाकों की तस्वीर ही बदल दी. लगातार बरसते पानी ने सड़कों को उफनती नदियों में तब्दील कर दिया, जहां खड़ी महंगी गाड़ियां कागज की नाव की तरह पानी के तेज बहाव में तैरती नजर आईं. कई इलाकों में पानी भरने से घरों के बाहर किसी घाट जैसा नजारा बन गया.
तूफान ने चारों तरफ कैसे मचाई तबाही
ये पूरी तबाही दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका में देखने को मिली है, जहां इन दिनों ‘थैंक्सगिविंग’ की छुट्टियों का माहौल है. गुरुवार, 26 नवंबर को जब लाखों लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने के लिए सफर पर निकले थे, तभी अमेरिका के उत्तर-पूर्व और मिड-अटलांटिक इलाकों में इस भयानक तूफान ने दस्तक दे दी.
अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा ने पहले ही तेज हवाओं, भारी बारिश और तटीय बाढ़ को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की थी. पूर्वी तट के कई हिस्सों में 60 मील प्रति घंटे यानी करीब 96 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं ने घरों की छतें तक उड़ा दीं और सड़क से लेकर हवाई यातायात तक को ठप कर दिया.
100 साल के इतिहास में पहली बार टली ‘मेसीज थैंक्सगिविंग डे परेड’
इस तूफान की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी वजह से अमेरिका की सबसे मशहूर और ऐतिहासिक परंपराओं में से एक को टालना पड़ा है. न्यूयॉर्क शहर में होने वाली 100वीं वार्षिक ‘मेसीज थैंक्सगिविंग डे परेड’ को गुरुवार से आगे बढ़ाकर शनिवार, 28 नवंबर कर दिया गया है.
आयोजकों का मानना था कि 100 की रफ्तार वाली खतरनाक हवाओं और भारी बारिश के बीच परेड के विशालकाय कैरेक्टर गुब्बारों को भीड़ के ऊपर उड़ाना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था. मेसीज ने अपने बयान में कहा कि दर्शकों और प्रतिभागियों की सुरक्षा सबसे ऊपर है. न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि लोगों को निराशा जरूर होगी, लेकिन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता.
बता दें कि दूसरे विश्व युद्ध के दौरान 1942 से 1944 के बीच इस परेड को रोका गया था, लेकिन 100 साल के इतिहास में खराब मौसम के कारण इसे पहली बार टाला गया है. परेड टलने के बाद फुलाए गए विशाल गुब्बारों की हवा निकालकर उन्हें वापस न्यू जर्सी भेजना पड़ा.
आसमान में लगा ब्रेक: 820 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द, एयरपोर्ट्स पर फंसे यात्री
थैंक्सगिविंग को अमेरिका में साल का सबसे व्यस्त ट्रैवल सीजन माना जाता है, लेकिन इस तूफान ने यात्रियों की सारी प्लानिंग पर पानी फेर दिया. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटअवेयर’ और सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक ही पूरे अमेरिका में 820 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि करीब 500 फ्लाइट्स अपने तय समय से काफी देरी से चल रही थीं. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने भी न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन डीसी, फिलाडेल्फिया और बाल्टीमोर जैसे प्रमुख शहरों के एयरपोर्ट्स पर भारी व्यवधान की चेतावनी दी है. जैसे-जैसे तूफान आगे बढ़ रहा है, रद्द होने वाली फ्लाइट्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है.
बड़े एविएशन हब्स पर मची अफरा-तफरी, कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी बिगड़ीं
पूर्वी तट के लगभग सभी बड़े एयरपोर्ट्स इस तूफान की चपेट में आ गए हैं. न्यूयॉर्क मेट्रोपॉलिटन इलाके के तीनों बड़े एयरपोर्ट्स, लागार्डिया, जॉन एफ कैनेडी इंटरनेशनल (JFK) और नेवार्क लिबर्टी एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन बुरी तरह चरमरा गया है. इसके अलावा वॉशिंगटन डीसी के रोनाल्ड रीगन नेशनल एयरपोर्ट, वॉशिंगटन डलेस और बाल्टीमोर/वॉशिंगटन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हजारों यात्री फंसे हुए हैं.
आंकड़ों पर नजर डालें तो बाल्टीमोर एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा मार पड़ी है, जहां की एक-चौथाई से ज्यादा तय उड़ानें रद्द हो गईं. वहीं रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट से करीब 8 फीसदी और लागार्डिया व जेएफके एयरपोर्ट्स से लगभग 7 फीसदी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. बड़े हब्स पर उड़ानें रुकने से देश भर की कनेक्टिंग फ्लाइट्स का शेड्यूल बिगड़ गया है.
एयरलाइंस ने यात्रियों को दी राहत, बिना फीस बदल सकेंगे टिकट
यात्रियों की परेशानी को कम करने के लिए अमेरिका की बड़ी एयरलाइंस, डेल्टा, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइन्स ने ‘ट्रैवल वेवर’ यानी यात्रा शुल्क में छूट देने का ऐलान किया है. फोर्ब्स और ट्रैवलपल्स की रिपोर्ट के अनुसार, वॉशिंगटन डीसी से बोस्टन के बीच प्रभावित एयरपोर्ट्स से सफर करने वाले यात्री बिना किसी एक्स्ट्रा चेंज फीस या किराए के अंतर का भुगतान किए अपनी टिकट की तारीख बदल सकते हैं.
डेल्टा और अमेरिकन एयरलाइन्स ने 9 एयरपोर्ट्स को इस छूट में शामिल किया है, जबकि यूनाइटेड एयरलाइन्स ने 7 एयरपोर्ट्स के यात्रियों को ये सुविधा दी है. फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है, क्योंकि तटीय बाढ़ और तेज हवाओं का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है.
Jd News Vision