Jdnews Vision……
(सुरेन्द्र कुमार वर्मा )
लखनऊ : : राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सर्राफा कारोबारी से करीब एक किलो सोना, नकदी और कीमती जेवर लूटने के मामले में पुलिस ने बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। हैरानी की बात यह है कि लूट की इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड जौनपुर में तैनात एक सिपाही विनय शंकर बताया जा रहा है। गिरोह में DRI स्टाफ अविनाश शाही की भूमिका भी सामने आई है
आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पुलिसकर्मी होने का नाटक किया। कारोबारी को बस से जबरन उतारा और तस्करी का आरोप लगाकर अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद उसका मोबाइल, नकदी और सोने-जेवरों से भरा बैग छीनकर उसे सड़क किनारे छोड़ दिया
बस में ही कारोबारी को बना लिया था निशाना
मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले महेंद्र दास दिल्ली के करोल बाग में अपने जीजा छोटू साहू के साथ सोने के आभूषण बनाने और व्यापारियों तक पहुंचाने का काम करते हैं। 20 नवंबर को जौनपुर में व्यापारियों को जेवर देने के बाद वह 21 नवंबर की रात बस से दिल्ली लौट रहे थे
रात करीब 1:30 बजे सुशांत गोल्फ सिटी के खुर्दही बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने बस रुकवा ली। खुद को पुलिसकर्मी बताकर महेंद्र को नीचे उतारा और सफेद स्विफ्ट डजायर में बैठा लिया
स्कॉर्पियो से जौनपुर पहुंचाया लूट का माल
आरोपियों ने कारोबारी का सामान अपने साथियों को सौंप दिया। साथी स्कॉर्पियो से लूटे गए जेवर लेकर जौनपुर की ओर निकल गए। इसके बाद महेंद्र को सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए
परिचित ने ही जुटाई थी कारोबारी की जानकारी
जांच में सामने आया कि तिलक माझी पहले से महेंद्र और उनके जीजा के संपर्क में था। कारोबारी के जौनपुर आने-जाने और सोने की जानकारी जुटाकर उसने प्रीतम सोनी के साथ मिलकर साजिश में भूमिका निभाई
पुलिस के मुताबिक, सिपाही विनय शंकर ने लूट की योजना तैयार की थी, जबकि बस में मौजूद अविनाश शाही ने कारोबारी की पहचान कर लखनऊ में मौजूद साथियों को सूचना दी थी। वारदात के बाद आरोपी लूटे गए सोने और नकदी का बंटवारा कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया
Jd News Vision