Breaking News

स्वच्छता के राष्ट्रीय शिखर पर विशाखापत्तनम, GVMC ने रचा इतिहास…

 

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया आंध्र प्रदेश का गौरव…..

विशाखापत्तनम: :  स्वच्छता, सुशासन और जनभागीदारी के क्षेत्र में विशाखापत्तनम ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराई है। ग्रेटर विशाखापत्तनम नगर निगम (GVMC) ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर आंध्र प्रदेश सहित पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

यह उपलब्धि विशाखापत्तनम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी। विशेष बात यह है कि राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में शहर ने पहली बार सर्वोच्च स्थान हासिल किया है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए GVMC आयुक्त केतन गर्ग ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किया।

इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के नगर प्रशासन एवं शहरी विकास मंत्री पी. नारायण, प्रमुख सचिव एस. सुरेश कुमार तथा नगर प्रशासन आयुक्त एवं निदेशक पी. संपत कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आयुक्त केतन गर्ग ने इस ऐतिहासिक सम्मान का श्रेय विशाखापत्तनम की जागरूक जनता, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वच्छता कर्मियों तथा GVMC के समर्पित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक विभाग अथवा व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि पूरे शहर के सामूहिक प्रयास, अनुशासन, सहयोग और जनभागीदारी का प्रतिफल है।

उन्होंने विशेष रूप से उन स्वच्छता कर्मियों के अथक परिश्रम और समर्पण की सराहना की, जो वर्षभर प्रतिकूल परिस्थितियों में भी शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करते हैं।

विशाखापत्तनम की यह उपलब्धि केवल एक राष्ट्रीय पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वच्छ भारत अभियान की भावना, नागरिक जिम्मेदारी और बेहतर शहरी प्रबंधन का सशक्त उदाहरण है।

विशाखापत्तनम ने साबित कर दिया है कि जब प्रशासन की प्रतिबद्धता, नागरिकों का सहयोग और कर्मठ कर्मचारियों का समर्पण एक साथ आते हैं, तब सफलता केवल लक्ष्य नहीं रहती, बल्कि इतिहास बन जाती है।

JD  NEWS VISION….

राघवेंद्र मिश्रा….

समाचार संपादक

विशाखापत्तनम से रिपोर्ट

About admin

Check Also

दीपावली मिलन एवं प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन 15 नवंबर को बेमेतरा में…

Jdnews Vision…. बेमेतरा: :  छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ जिला इकाई बेमेतरा के तत्वावधान में दीपावली …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *