Breaking News

प्राचीन झारखंडी सरोवर में स्थापित होगा दिव्य कलश,नगर में पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर…

जेडी न्यूज विजन….

बलरामपुर: :  आदर्श नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के अथक प्रयासों से नगरवासियों एवं सनातन धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत हर्ष,गौरव और आध्यात्मिक आनंद का अवसर प्राप्त हुआ है। प्राचीन एवं ऐतिहासिक झारखंडी सरोवर के मध्य स्थापित किए जाने वाला पावन एवं दिव्य कलश आज प्रातः शुभागमन के साथ नगर में पहुंच गया। कलश के नगर आगमन की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा इसे धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार,शीघ्र ही वैदिक मंत्रोच्चार,धार्मिक अनुष्ठानों एवं विधि-विधान के साथ सरोवर के मध्य इस दिव्य कलश की भव्य स्थापना की जाएगी। इस अवसर पर संत-महात्माओं,विद्वान आचार्यों,जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहने की संभावना है। कलश स्थापना के बाद झारखंडी सरोवर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता में और अधिक वृद्धि होगी।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने कहा कि यह ऐतिहासिक एवं धार्मिक कार्य नगरवासियों,श्रद्धालुओं तथा सनातन धर्म के प्रति समर्पित लोगों के अटूट विश्वास,सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही इस पुण्य संकल्प को साकार रूप मिल सका है। इसके लिए उन्होंने सभी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने आगे बताया कि नगर पालिका परिषद का लक्ष्य केवल कलश स्थापना तक सीमित नहीं है,बल्कि प्राचीन झारखंडी सरोवर का व्यापक सौंदर्यीकरण एवं समग्र विकास भी किया जाएगा। सरोवर परिसर को धार्मिक,सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर इसे नगर की पहचान और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। इसके अंतर्गत परिसर की स्वच्छता,प्रकाश व्यवस्था,सौंदर्यीकरण,बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
नगरवासियों का मानना है कि यह पहल न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है,बल्कि नगर के सांस्कृतिक वैभव और ऐतिहासिक धरोहर को भी नई पहचान प्रदान करेगी। कलश स्थापना के बाद झारखंडी सरोवर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है।
अंत में नगर पालिका परिषद की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर इसे सफल बनाएं तथा अपना स्नेह,आशीर्वाद और सहयोग निरंतर बनाए रखें। यह आयोजन नगर के गौरव,सनातन संस्कृति की समृद्ध परंपरा और सामूहिक जनआस्था का प्रतीक बनेगा।

About admin

Check Also

विधायक डा. विमलेश पासवान ने दो सीसी सड़कों का किया लोकार्पण

जेडी न्यूज विजन….. सन्तोष कुमार गुप्ता…. गोरखपुर : : कौड़ीराम : : बांसगांव विधायक डा. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *