Jd news Vision….
(राघवेंद्र मिश्रा )
….प्रबंध संपादक…
विशाखापत्तनम : : श्रावण मास के पावन अवसर पर त्रिनाथपुरम स्थित श्री दुर्गा मंदिर में 24 अगस्त, सोमवार को पार्थिव शिवलिंग का विशेष रुद्राभिषेक एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। यह श्रावण मास का अंतिम सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है।

पूर्वांचल कीर्तन एवं पूजा समिति, श्री दुर्गा मंदिर त्रिनाथपुरम की ओर से बताया गया कि पिछले तीन श्रावण सोमवार से मंदिर परिसर में शिव भक्तों द्वारा निःशुल्क पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक किया जा रहा है। अंतिम सोमवार को भी श्रद्धालु इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।
समिति ने बताया कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश पिछले सोमवारों में रुद्राभिषेक में शामिल नहीं हो सके, उनके लिए 24 अगस्त का आयोजन विशेष अवसर है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धा और विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं रुद्राभिषेक करने से भक्तों को संपूर्ण श्रावण मास के रुद्राभिषेक का पुण्यफल प्राप्त होने की भावना है। अभिषेक के बाद विधिवत पूर्णाहुति भी की जाएगी।

पूरी तरह निःशुल्क होगा अनुष्ठान
समिति के अनुसार रुद्राभिषेक के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित नहीं है और पंडित जी द्वारा भी कोई पारिश्रमिक नहीं लिया जाएगा। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार स्वैच्छिक दक्षिणा दे सकते हैं। यह दक्षिणा पूर्वांचल कीर्तन एवं पूजा समिति के कोषाध्यक्ष श्री राम रतन जी के पास जमा होगी।
समिति ने बताया कि एकत्रित राशि का उपयोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, छठिहार तथा अन्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में किया जाएगा, ताकि भविष्य में भी सामूहिक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन सुचारु रूप से किया जा सके।
समिति ने सभी शिव भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रुद्राभिषेक एवं पूर्णाहुति में सहभागी बनें।
समिति का उद्देश्य है—धर्म का प्रचार-प्रसार, धार्मिक संस्कृति का संरक्षण तथा सभी भक्तों का कल्याण।
Jd News Vision