Breaking News

नगर पालिका में श्रमिक-कर्मचारी एवं सफाई मित्र स्वास्थ्य मेले का आयोजन…

Jdnews Vision…..

संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण,निःशुल्क दवा वितरण एवं आयुष्मान कार्ड की हुई व्यवस्था…

बलरामपुर: :  आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर में श्रमिकों,कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रमिक-कर्मचारी एवं सफाई मित्र स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में नगर पालिका के श्रमिकों एवं सफाई मित्रों का चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यक जांच के बाद चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की भी व्यवस्था की गई।

मेले में उपस्थित श्रमिकों एवं सफाई मित्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने,कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी प्रदान कीं।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस ने कहा कि सफाई मित्र एवं श्रमिक नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नगर को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचाने और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन सफाई मित्रों एवं श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर गंभीर है। सफाई कार्य से जुड़े कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य परीक्षण से बीमारी के लक्षणों की समय से पहचान कर उचित चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करने की अपील की।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि सफाई मित्र एवं श्रमिक प्रतिदिन नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य करते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच बेहद आवश्यक है। स्वास्थ्य मेले में कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता,साफ पानी के सेवन तथा कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।

1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान

कार्यक्रम में नौ विभागों को सम्मिलित कर संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई। बताया गया कि अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नागरिकों को स्वच्छता,साफ पानी,जलभराव रोकने तथा मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक घर-घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखें,कहीं भी पानी जमा न होने दें तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। संचारी रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की भी अपील की गई।

स्वास्थ्य मेले के आयोजन से श्रमिकों एवं सफाई मित्रों में उत्साह देखा गया। कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण,निःशुल्क दवा वितरण तथा आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ.ए.के. शुक्ला,डॉ.मीनाक्षी चौधरी,नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ.आकाश सिंह,डॉ.सूरज पाठक,फार्मासिस्ट समीर अहमद सिद्दीकी,स्टाफ नर्स अनीता मलिक,नगर पालिका के कर निरीक्षक राजेश कुमार,जेई जल धर्मेंद्र गौड़,सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय,अरविंद सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About admin

Check Also

दीपावली पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरू ने सफाईकर्मियों,अधिकारियों-कर्मचारियों एवं सभासदों को किया सम्मानित…. मातृशक्ति को भेंट की साड़ी…

Jdnews Vision…. मिष्ठान एवं उपहार वितरित कर दीं दीपावली सहित पांच पर्वों की शुभकामनाएं,नगर पालिका …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *