Jdnews Vision….
आउटसोर्स विद्युतकर्मी
तारों की छांव तले, अंधेरे का सफर
जहाँ घरों में जगमग जलते दीप सुहाने हैं,
उन उजालों के पीछे कुछ अनकहे फसाने हैं।
चिलचिलाती धूप हो या कड़कड़ाती ठंड की रात,
जिंदगी की डोर थामे, जोखिम भरे रास्ते और बात।
ग्यारह हजार वोल्ट की तारों का जब जाल बुना जाता,
पसीना माथे का बहकर, सूखी धरती पर गिर जाता।
न कोई पक्की गारंटी, न भविष्य का कोई ठिकाना है,
हर पल मौत के साए में, इन्हें रोज ही मुकाम पाना है।
अस्थाई अनुबंधों पर, महकमे की पूरी गाड़ी चलती है,
इनके श्रम की आग में, इनकी अपनी दुनिया जलती है।
कोई पूछे अगर इनसे, क्या तुम्हारा भी सपना कोई है?
तो सिसकियों में जवाब मिलता, ‘यहाँ हमारा अपना कोई है?’
दूसरों के घरों में उजाला जो निरंतर करते हैं,
वे खुद क्यों अंधेरे के साए में आहें भरते हैं?
नीति-निर्माताओं से अब बस एक ही पुकार है—
रोशनी देने वालों के जीवन में भी, हो न्याय का संसार!
– मदन वर्मा “माणिक” इंदौर, मध्यप्रदेश
Jd News Vision