Jdnews Vision……
सचेंडी /कानपुर: : कानपुर के कटरा भैसोर गांव में बड़े भाई ने छोटे के सिर और चेहरे पर फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पैसा वापस नहीं देना हत्या की वजह बन गई। बड़े भाई ने छोटे पर इतने बेरहमी से वार किए गए कि तीन दांत भी टूटकर जमीन पर बिखर गए।
वारदात के बाद बड़े भाई ने खून से सने कपड़े धोए और छत पर सुखाने के लिए फैला दिए। फावड़े को भी साफ कर घर में छिपा दिया। इसके बाद ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से फावड़ा और कपड़े बरामद किए हैं। फोरेंसिक जांच में शर्ट और फावड़े पर मानव रक्त मिलने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बड़े भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि, छोटा भाई मजदूरी के पैसे ले लेता था। मांगने पर दिया नहीं तो मार डाला।
कटरा भैसोर गांव निवासी सोनू कमल (35) मजदूरी करता था। बचपन में ही पिता मूलचंद की मौत हो गई थी। परिवार में मां रामजानकी, दो भाई और चार बहनें हैं। छोटे भाई मोनू की छह साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। मां एक महीने से घाटमपुर में बड़ी बेटी की ससुराल में हैं। सोनू का बड़ा भाई दिनेश उर्फ मिंचू मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता है। वह गांव से करीब 500 मीटर दूर छप्पर डालकर रहता था। शनिवार सुबह बड़ी बहन केशा ने सोनू को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई बृजराज को घर भेजा।
चादर से ढका था सोनू का शव….
बृजराज ने बताया कि जब वह घर पहुंचा तो बरामदे में चादर से ढका सोनू का शव पड़ा था। चादर हटाकर देखा तो चेहरे और गर्दन पर गहरे घाव थे। तीन दांत जमीन पर पड़े थे और आसपास खून फैला हुआ था। इसी दौरान मिंचू आ गया और कहा कि सोनू मर गया है, उसे उठाकर फेंक दो। बृजराज ने शोर मचाया तो ग्रामीण जुटने लगे। इस बीच मिंचू कमरों में ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया।
सोने का किया इंतजार, कितने वार किए याद नहीं….
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मजदूरी में उसे जो पैसा मिलता था, सोनू ले लेता था। वह काफी समय से अपने रुपये मांग रहा था लेकिन वह नहीं देता था। 20 हजार रुपये जुआ जीता फिर भी रुपये नहीं दिए। शुक्रवार रात दोनों ने घर पर शराब पी। उसके बाद उसने सोनू के सोने का इंतजार किया। जब वह सो गया तो फावड़ा मारकर हत्या कर दी। उसने कितने वार किए, याद नहीं है। वहीं ग्रामीणों के मुताबिक मिंचू मानसिक रूप से अस्वस्थ है। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल पर ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की आशंका है। हत्या के बाद उसने अपनी पैंट, काले रंग की शर्ट और अंडरवियर धोकर छत पर सुखाने के लिए फैला दिए थे। फरसे को भी धोकर घर में छिपा दिया था। पुलिस ने तलाशी के दौरान फरसा बरामद कर लिया। फोरेंसिक टीम ने कपड़े और फरसे को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया है। बेंजाडीन टेस्ट में शर्ट और फरसे पर मानव रक्त के निशान मिले हैं। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि घटनास्थल से देसी शराब के दो पाउच और दो खाली डिस्पोजल गिलास मिले हैं
चचेरे भाई ने दर्ज कराया मुकदमा….
ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे जब बृजराज घर पहुंचे तो मिंचू बाहर जाने की तैयारी में था। वह भी मजदूरी करता है और रोज साइकिल से काम पर जाता था, लेकिन वारदात के बाद पैदल ही भाग निकला। ग्रामीणों ने उसे दोपहर में बिधनू में देखे जाने की जानकारी दी है। हालांकि, उस समय उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। पुलिस के मुताबिक मिंचू के पास मोबाइल फोन भी नहीं है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बृजराज की तहरीर पर सचेंडी पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया, छत पर कपड़े मिले हैं। शर्ट पर खून के निशान हैं। फरसे की बट से हमला किया गया था। उस पर भी खून मिला है। प्रथम दृष्टया बड़े भाई मिंचू की भूमिका सामने आई है। वह फिलहाल फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
G F….
Jd News Vision