Jdnews Vision….
वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो तुरंत पहुंचे विशेष कैंप…BLO बूथों पर रहेंगे मौजूद….
लखनऊ : : यू पी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है या परिवार के किसी सदस्य का नाम छूट गया है, तो आपके पास इसे जुड़वाने का एक और मौका है
चुनाव आयोग 28 और 29 नवंबर को पूरे प्रदेश में विशेष कैंप लगाने जा रहा है। इन कैंपों का खास फोकस उन लोगों पर रहेगा, जो पात्र होने के बावजूद मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इस दौरान लोग अपने और परिवार के सदस्यों के नाम चेक कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर नाम जुड़वाने, जानकारी में सुधार कराने या दूसरी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा के मुताबिक, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मौजूद रहेंगे। ये अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदाताओं की मदद करेंगे। उनके पास ड्राफ्ट वोटर लिस्ट और जरूरी आवेदन फॉर्म उपलब्ध रहेंगे। जिन लोगों ने 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान में हिस्सा नहीं लिया था, उन्हें भी अब अपने नाम की जांच कराने और आवेदन करने का मौका मिलेगा।
वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो कौन सा फॉर्म भरना होगा?
विशेष कैंप में अलग-अलग कामों के लिए अलग-अलग फॉर्म उपलब्ध रहेंगे। अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तो वह नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकता है। वहीं, वोटर लिस्ट में नाम, पता या दूसरी जानकारी में गलती है अथवा किसी दूसरे पते पर शिफ्ट हो गए हैं, तो इसके लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके अलावा अगर किसी नाम को लेकर आपत्ति दर्ज करानी है या किसी अपात्र, मृत अथवा स्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके व्यक्ति का नाम हटवाने का मामला है, तो फॉर्म-7 के जरिए आवेदन किया जा सकता है। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A की व्यवस्था भी है।
युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर खास जोर
चुनाव आयोग इस अभियान के दौरान खासतौर पर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर ध्यान दे रहा है। इसके साथ ही 85 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की पहचान और लंबित आवेदनों के निपटारे पर भी जोर दिया जा रहा है। BLO को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र नागरिक वोटर लिस्ट में शामिल होने से छूटना नहीं चाहिए।
इस बार मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण में उन युवाओं को भी मौका दिया जा रहा है, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 साल की उम्र पूरी कर लेंगे। इसके अलावा जो युवा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 साल के होंगे, उनसे भी पहले से आवेदन लिए जा सकते हैं। ऐसे आवेदनों पर संबंधित पात्रता तारीख के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा और आपत्ति…
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची का ड्राफ्ट 17 नवंबर को प्रकाशित किया जा चुका है। इस सूची में अपना नाम और परिवार के सदस्यों की जानकारी जांचने के बाद अगर कोई गड़बड़ी मिलती है, तो दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान मिलने वाले आवेदनों और आपत्तियों पर तय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जानी है।
ऑनलाइन भी चेक कर सकते हैं अपना नाम…
मतदाता सूची में नाम चेक करने या आवेदन करने के लिए लोगों को सिर्फ विशेष कैंप का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। वे चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी अपना नाम देख सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
यानी अगर आपका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है, परिवार के किसी सदस्य का नाम छूट गया है या किसी जानकारी में गलती है, तो 28 और 29 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर जाकर BLO से संपर्क कर सकते हैं। चुनाव आयोग की कोशिश है कि मतदाता सूची को ज्यादा से ज्यादा सटीक और समावेशी बनाया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे।
Jd News Vision