Jdnews Vision….
विशाखापट्टनम: : लोक आस्था, पवित्रता, त्याग, तपस्या और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर विनायक नगर, वुडा कॉलोनी, गाजुवाका, विशाखापट्टनम में भारतीय संस्कृति संघ के तत्वावधान में भव्य छठ महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया।
इस अवसर पर शाम को अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में 1,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ भाग लिया। पूरे आयोजन स्थल पर छठी मैया के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। साथ ही समाज, देश और विश्व के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मकता बनी रहने की प्रार्थना की।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में भारतीय संस्कृति संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर संघ के महासचिव राज देव मंडल ने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
छठ महापर्व के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति सम्मान का सुंदर संदेश देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
जय छठी मैया! जय सूर्यदेव!
JD NEWS VISION
NEWS EDITOR: RAGHWENDRA MISHRA
Jd News Vision