Jdnews Vision…..
लखनऊ : : उत्तर प्रदेश में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. पहाड़ों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है. मंगलवार को यूपी के 20 से अधिक जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया.
बीते दो दिनों में अधिकांश जिलों में रात के पारे में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है. इससे सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है. हालांकि, दिन और रात का तापमान अब नवंबर के मध्य के सामान्य स्तर के आसपास पहुंच गया है. मंगलवार सुबह ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला. राहत की बात यह रही कि कहीं भी घना कोहरा नहीं छाया.
अगले तीन दिन कैसा रहेगा यूपी का मौसम?….
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के मौसम और तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बने नए चक्रवात मकवान के असर से प्रदेश में हवाओं का रुखe बदलकर पुरवा हो सकता है. हवाओं का रुख बदलने से तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी होने के आसार हैं. मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, इससे प्रदेश के तापमान में अस्थायी रूप से करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है.
बरेली में सबसे ठंडी रात, नजीबाबाद में सबसे ठंडा दिन….
मंगलवार को प्रदेश में बरेली सबसे ठंडा जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान के मामले में नजीबाबाद सबसे ठंडा रहा. यहां दिन का पारा 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
लखनऊ में 48 घंटे में 5.2 डिग्री गिरा रात का पारा….
राजधानी लखनऊ में भी ठंडी पछुआ हवाओं का असर साफ दिखाई दे रहा है. पिछले 48 घंटे में यहां रात के तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. इससे सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है. हालांकि, मंगलवार को हवा की रफ्तार धीमी रहने के कारण दिन में धूप के तेवर कुछ तीखे रहे. सुबह हवा में नमी कम होने से कोहरे का असर भी कम दिखाई दिया. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों तक राजधानी के मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद पुरवा हवाएं चलने से तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की अस्थायी बढ़ोतरी हो सकती है.
लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट….
मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
ठंडी हवाओं से सुधरी लखनऊ की हवा…. p
तापमान में गिरावट के बीच राजधानी लखनऊ की वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है. ठंडी पछुआ हवाओं के चलने से हवा में प्रदूषित कणों का जमाव कम हुआ है. मंगलवार को लखनऊ का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 121 दर्ज किया गया. वहीं, शहर के छह निगरानी केंद्रों में से तीन पर हवा की गुणवत्ता हरे जोन में पहुंच गई.
तीन दिनों में ऐसे बदला लखनऊ का न्यूनतम तापमान
राजधानी में बीते तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है.
रविवार : 18.4 डिग्री सेल्सियस
सोमवार : 17.5 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार : 13.2 डिग्री सेल्सियस
Jd News Vision