Jdnews Vision…..
लखनऊ : : उत्तर प्रदेश में स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए सर्दियों की छुट्टियों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. बेसिक शिक्षा परिषद के शैक्षिक कैलेंडर 2026-27 के अनुसार, प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में दिसंबर के आखिरी दिन से शीतकालीन अवकाश शुरू होगा.
इस दौरान लगातार 15 दिन तक स्कूल बंद रहेंगे. बच्चों को नए साल और मकर संक्रांति के दौरान भी छुट्टियों का लाभ मिलेगा.
31 दिसंबर से 14 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल….
बेसिक शिक्षा परिषद के कैलेंडर के मुताबिक, यूपी के परिषदीय स्कूलों में 31 दिसंबर 2026 से शीतकालीन अवकाश शुरू होगा. यह छुट्टी 14 जनवरी 2027 तक रहेगी. इस दौरान विद्यार्थियों को स्कूल नहीं जाना होगा. छुट्टियां खत्म होने के बाद 15 जनवरी 2027 से विद्यालय फिर खुलेंगे और नियमित पढ़ाई शुरू हो जाएगी.
यूपी स्कूल विंटर वेकेशन का पूरा शेड्यूल
सर्दियों की छुट्टियों का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए अवकाश की तारीखें तय कर दी गई हैं. इस बार बच्चों को दिसंबर से जनवरी तक लगातार 15 दिन की छुट्टी मिलेगी. छुट्टियों का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है.
छुट्टियां शुरू होने की तारीख: 31 दिसंबर 2026.
छुट्टियों का आखिरी दिन: 14 जनवरी 2027.
कुल छुट्टियां: लगातार 15 दिन.
स्कूल खुलने की तारीख: 15 जनवरी 2027.
खास बात: नए साल और मकर संक्रांति के दौरान भी स्कूल बंद रहेंगे….
किन स्कूलों में लागू होगा छुट्टियों का कैलेंडर?
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी शीतकालीन अवकाश का यह कैलेंडर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों और संबंधित मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों के लिए है. इसमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट स्कूल शामिल हैं. वहीं, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से जुड़े स्कूलों में छुट्टियों की तारीखें अलग हो सकती हैं. निजी स्कूल भी अपने स्तर पर अवकाश का कार्यक्रम तय कर सकते हैं. ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों के स्कूल से छुट्टियों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए.
सर्दियों में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे स्कूल….
बेसिक शिक्षा परिषद के कैलेंडर में स्कूलों के समय की जानकारी भी दी गई है. ठंड के मौसम में बच्चों को सुबह जल्दी स्कूल नहीं जाना होगा. निर्धारित समय के अनुसार, 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक विद्यालय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे. वहीं, गर्मियों में स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा. मौसम की स्थिति को देखते हुए सक्षम अधिकारी स्कूलों के समय में बदलाव कर सकते हैं.ठंड बढ़ने पर बढ़ सकती हैं छुट्टियां
शीतलहर या अधिक ठंड पड़ने की स्थिति में जिला प्रशासन अतिरिक्त छुट्टियों का आदेश जारी कर सकता है. शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत जिलाधिकारी को जरूरत के अनुसार स्कूलों के समय में बदलाव करने का अधिकार है. ऐसे में अगर ठंड बढ़ने के कारण छुट्टियों की तारीखों में बदलाव होता है, तो इसकी जानकारी अलग से दी जाएगी. अभिभावक छुट्टियों से जुड़े नए आदेशों के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट, स्कूल की ओर से जारी नोटिस और जिला प्रशासन के निर्देशों पर नजर रखें
Jd News Vision