Jdnews Vision….
राजा भैया की सियासी ताकत को हल्के में लेना भाजपा और सपा दोनों को पड़ सकता है भारी!…
राज्यसभा से लेकर लोकसभा चुनाव तक कई मौकों पर दिखा राजा भैया का सियासी प्रभाव…
प्रतापगढ़ और कौशांबी में बिगाड़ चुके हैं बड़े दलों के चुनावी समीकरण…
विधानसभा चुनाव में गठबंधन नहीं हुआ तो दोनों प्रमुख दलों के सामने खड़ी हो सकती है मुश्किल…
लखनऊ / प्रतापगढ़ : : सियासत के मंझे खिलाड़ी कहते हैं कि कुंडा के विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की राजनीतिक ताकत को जिसने भी हल्के में लेने की भूल की, उसे चुनावी नतीजों में इसकी कीमत चुकानी पड़ी है। राजा भैया की राजनीति केवल कुंडा और बाबागंज तक सीमित नहीं है। उनकी अपील, समर्थकों का नेटवर्क और चुनावी रणनीति कई बार जिले से बाहर तक राजनीतिक दलों के समीकरण प्रभावित करती रही है। इसका ताजा उदाहरण लोकसभा चुनाव में देखने को मिला। इससे पहले राज्यसभा चुनाव के दौरान भी राजा भैया की भूमिका ने प्रदेश की सियासत में खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो राजा भैया को लेकर राजनीतिक दलों की सबसे बड़ी भूल उनकी ताकत का आकलन केवल विधानसभा की सीटों के आधार पर करना है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेशभर में भाजपा गठबंधन की लहर थी, लेकिन प्रतापगढ़ में यह लहर अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सकी। जिले की कई सीटों पर स्थानीय राजनीतिक समीकरणों ने बड़े दलों की रणनीति को चुनौती दी। राजा भैया की परंपरागत राजनीतिक पकड़ और जनसत्ता दल के प्रभाव ने यह संदेश दिया कि प्रतापगढ़ की राजनीति में उनकी अनदेखी करना आसान नहीं है।
बीते लोकसभा चुनाव में भी राजनीतिक समीकरणों की यही तस्वीर देखने को मिली। प्रतापगढ़ और कौशांबी लोकसभा सीटों पर भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। चुनाव के दौरान राजा भैया के रुख और उनके समर्थकों के बीच बने राजनीतिक माहौल को लेकर खूब चर्चा हुई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजा भैया के एक संकेत मात्र से चुनावी हवा का रुख बदलने की क्षमता को नकारना भाजपा के लिए महंगा साबित हो सकता है। हालांकि चुनावी नतीजों के पीछे कई स्थानीय और जातीय समीकरण भी जिम्मेदार रहे, लेकिन राजा भैया की भूमिका को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा आज भी जारी है।
राज्यसभा चुनाव के दौरान भी राजा भैया ने यह स्पष्ट कर दिया था कि उनकी राजनीतिक भूमिका किसी दल के दबाव या अपेक्षा से तय नहीं होती। समर्थन के सवाल पर उनका अपना स्वतंत्र रुख रहा। यही वजह है कि प्रदेश की राजनीति में बड़े दलों को भी उनकी राजनीतिक हैसियत का ध्यान रखना पड़ता है। राजा भैया की सियासत का एक बड़ा पक्ष यह भी है कि वह अपने समर्थकों के बीच व्यक्तिगत संपर्क और स्थानीय प्रभाव के आधार पर मजबूत पकड़ बनाए रखते हैं।
अब निगाहें आगामी विधानसभा चुनाव पर टिक गई हैं। जनसत्ता दल ने विश्वनाथगंज समेत अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाकर चुनावी मैदान में उतरने के संकेत दे दिए हैं। ऐसे में भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों के लिए राजा भैया की रणनीति महत्वपूर्ण होने जा रही है। यदि जनसत्ता दल और भाजपा के बीच गठबंधन की राह नहीं निकलती है तो प्रतापगढ़ की कई सीटों पर मुकाबले का गणित बदल सकता है। इसका सीधा लाभ किसे मिलेगा, यह तो चुनाव के वक्त ही स्पष्ट होगा, लेकिन इतना तय है कि जनसत्ता दल की मौजूदगी भाजपा और सपा दोनों के वोट बैंक तथा चुनावी रणनीति को प्रभावित कर सकती है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि राजा भैया के साथ गठबंधन को लेकर किसी भी दल ने जल्दबाजी या राजनीतिक गफलत दिखाई तो उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है। भाजपा के सामने चुनौती अपने पुराने राजनीतिक समीकरणों को साधने की है तो सपा के लिए जनसत्ता दल की बढ़ती सक्रियता नए समीकरण खड़े कर सकती है। प्रतापगढ़ की राजनीति में राजा भैया का प्रभाव ऐसा कारक है, जिसे नजरअंदाज कर चुनावी रणनीति बनाना किसी भी दल के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
इतिहास का सबक यही है कि राजा भैया की सियासी ताकत का आकलन केवल सीटों की संख्या से नहीं किया जा सकता। चुनाव में उनकी भूमिका कितनी निर्णायक होगी, यह आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन एक बात साफ है—राजा भैया को हल्के में लेने की भूल करने वाला दल चुनावी मैदान में गच्चा खा सकता है।
G F….
Jd News Vision