Breaking News

नालंदा बाइक हादसे में तीन बच्चों की मौत….

जेडी न्यूज विजन….

दादी का ब्रह्मभोज खत्म होने के पहले ही उठ गईं तीन मासूमों की अर्थियां….

नालंदा: :दादी के ब्रह्मभोज (बरखी) की रस्में अभी पूरी भी नहीं हुई थीं कि घर में मातम छा गया। जिस आंगन में परिजन श्राद्धकर्म में जुटे थे, वहीं कुछ घंटों बाद तीन मासूम बच्चों की सड़क हादसे में मौत हो गई।

घटना तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित गंगा बिगहा पुल के समीप बुधवार शाम घटी है । हादसे के बाद कोठरी और सैदपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक बच्चों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी सतीश चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार, कोठरी गांव निवासी मनोज चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र तन्नू कुमार तथा राजा चौधरी के 12 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। अंकुश अपनी ननिहाल कोठरी गांव में रहकर पढ़ाई करता था।

बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा

परिजनों ने बताया कि तन्नू कुमार की दादी का श्राद्धकर्म चल रहा था और बुधवार को ब्रह्मभोज (बरखी) की रस्म आयोजित की गई थी। घर के सभी लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान तीनों दोस्त एक बाइक पर सवार होकर तेल्हाड़ा बाजार के लिए निकल पड़े।

गंगा बिगहा पुल के समीप मोड़ पर पहुंचते ही किसी अज्ञात चारपहिया वाहन ने बाइक को चकमा दे दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और तेज रफ्तार में ताड़ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।

एक की मौके पर, दो की इलाज के दौरान मौत

हादसे में अंकुश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची तेल्हाड़ा थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तन्नू और सन्नी को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में एक-एक कर दोनों ने भी दम तोड़ दिया।

दो गांवों में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलते ही कोठरी और सैदपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में ब्रह्मभोज का आयोजन हो रहा था, वहां अचानक मातम छा गया। ग्रामीणों की आंखें भी इस हृदयविदारक घटना से नम हो गईं।

पुलिस कर रही जांच

तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ताड़ के पेड़ से टकराई, जिससे यह हादसा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सुषमा बंजारे…

विशेष संवाददाता…

G एफ….

About admin

Check Also

कई वर्षों से फरार चिटफंड आरोपी चैतराम केवट गिरफ्तार

Jdnews विज़ने….   कई वर्षों से फरार चिटफंड आरोपी चैतराम केवट गिरफ्तार   मुख्य बिंदु …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *