जेडी न्यूज विजन……
अगरतला : : (त्रिपुरा ) राजधानी में बड़ा धमाका हुआ है. अगरतला में शुक्रवार को एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में जबरदस्त धमाका हुआ. इसके बाद पुलिस, बम डिस्पोजल, फौरेंसिक और डॉग स्क्वाड टीम को मौके पर भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि इसमें कुछ लोगों के हताहत होने की खबर है. हालांकि सही संख्या और धमाके की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है.
अधिकारियों के मुताबिक, संकट चौमुहानी के पास NS अपार्टमेंट से जोरदार धमाके जैसी आवाज़ की सूचना मिली. इसके बाद फ़ायर सर्विस और बम स्क्वाड समेत इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को तुरंत अलर्ट किया गया और वे मौक़े पर पहुंचीं. दरअसल, धमाके से अपार्टमेंट के अंदर काफी नुकसान हुआ और इसका असर इमारत के आस-पास के हिस्सों तक भी पहुंचा. जोरदार धमाके से आसपास के लोगों और निवासियों में अफरा-तफरी मच गई और घटना के दौरान कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए SDPO (सदर) देबा प्रसाद रॉय ने कहा, ‘हमें खबर मिली थी कि एक अपार्टमेंट में जोरदार धमाके जैसी आवाज़ सुनी गई है और कुछ लोग हताहत भी हुए हैं. हम मौके पर पहुंचे और पाया कि यह घटना अपार्टमेंट बिल्डिंग की पहली मंजिल के एक कमरे में हुई थी.हमने बम स्क्वाड, फ़ोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाया… अभी हमने जो कुछ भी मिला है उसे जब्त कर लिया है और उम्मीद है कि हमें पता चल जाएगा कि ऐसा क्यों हुआ।
बहरहाल, इस विस्फोट में कई घायल हुए हैं. धमाके में घायल लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जबकि पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से मिले सबूतों को ज़ब्त कर लिया गया है और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स धमाके की वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच कर रहे हैं।
Jd News Vision