Breaking News

जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं…

Jdnews Vision….

*अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश…

बिलासपुर, 28 जुलाई : : कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं एडीएम शिवकुमार बनर्जीे ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।

जनदर्शन में ग्राम पंचायत दर्राभांठा की पंच हीरा बाई ने कलेक्टर से मुलाकात कर बताया कि वे वार्ड क्र 4 की पंच है। उन्हें 10 माह से मानदेय की राशि नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को ग्राम सभा की बैठक में गांव की समस्या एवं काम की चर्चा के दौरान उन्होंने सरपंच से अपने मानदेय नहीं मिलने की शिकायत की तो सरपंच ने आश्वासन दिया कि आपका पैसा आपको मिल जाएगा लेकिन अभी तक मुझे मानदेय नहीं मिला है। जबकि गांव के अन्य पंचों को मानदेय मिल चुका है। तखतपुर तहसील के ग्राम परसाकापा के ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि गांव के ही आदित्य यादव द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से पक्का मकान बनाकर कब्जा कर लिया गया है। साथ ही सार्वजनिक हैंडपंप से मात्र ही कुछ फीट की दूरी पर सेप्टिक टैंक का निर्माण किया जा रहा है। सेप्टिक टैंक बनाए जाने से पेयजल स्रोत दूषित होने तथा ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न होने की आशंका है। ग्रामीणों ने अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। रतनपुर निवासी अनिकेत कुमार बारे ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक शाखा रतनपुर द्वारा वर्ष 2024 से लगातार आवेदन और दस्तावेज जमा करने के बावजूद उनका ऋण स्वीकृत नहीं किया गया, जिससे समय और आर्थिक नुकसान हुआ।

उन्होंने मामले की जांच कर ऋण स्वीकृत कराने की मांग की है। सकरी तहसील अंतर्गत बेलमुण्डी निवासी मेघनाथ सूर्यवंशी ने बताया कि सूरज जैन नामक व्यक्ति द्वारा कोयले की राख अपने खेत में डाला गया जो बारिश में बह कर मेरे निजी भूमि पर आ गया है और मेरे खेत पर एक फीट से दो फीट राख का जमाव हो गया है। जिस कारण खेत की फसल नष्ट हो गई है। इस मामले पर सूर्यवंशी ने उचित कार्यवाही की मांग की है।

मस्तुरी विकासखण्ड के ग्राम लोहर्सी निवासी उषा दुबे ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 की स्थाई प्रतीक्षा सूची में पात्र होने के बावजूद नाम न जोड़े जाने के संबंध में ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की सभी पात्रता एवं मानदंड पूरा करती है। ग्राम धूमा निवासी कमल प्रसाद मिश्रा ने भूमि रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर बंटाकन नम्बर विलोपित करने संबंधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि उनकी भूमि के रिकॉर्ड में बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए संशोधन कर दिया गया, जिससे भूमि संबंधी अभिलेख प्रभावित हुए हैं। उन्होंने संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रिकार्ड दुरूस्त करने की मांग की है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने एवं समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।

About admin

Check Also

पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग की समस्याओं के निराकरण हेतु कर्मचारी संगठन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन….

Jdnews Vision बिलासपुर, 29 जुलाई : :  पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग में संचालित शाससकीय विभागों के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *