Jdnews Vision….
_विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, तकनीकी प्रशिक्षण, शोध एवं प्लेसमेंट के मिलेंगे बेहतर अवसर_
लखनऊ, 6 अगस्त, : : उद्योगोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एमिटी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ परिसर ने एचसीएल टेक्नोलॉजीज, लखनऊ के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौते का उद्देश्य अकादमिक शिक्षा और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करना है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स, तकनीकी प्रशिक्षण, प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन, संयुक्त शोध परियोजनाओं तथा प्लेसमेंट सहायता के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा तथा वे डिजिटल युग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकेंगे।
इस अवसर पर एमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर के प्रो वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) अनिल वशिष्ठ ने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली, नवीन तकनीकों एवं व्यावसायिक कौशल से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विश्वविद्यालय सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

समारोह में एचसीएल टेक्नोलॉजीज की ओर से डायरेक्टर एवं हेड, कैंपस रिलेशंस श्री प्रसाथ पन्नीरसेल्वम, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं सेंटर हेड श्री ऋषि कुमार तथा डिप्टी मैनेजर, टैलेंट एक्विजिशन श्री समर भल्ला उपस्थित रहे। एमिटी विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. (डॉ.) अनिल वशिष्ठ, प्रो वाइस चांसलर, विंग कमांडर (डॉ.) अनिल कुमार तिवारी, डिप्टी प्रो वाइस चांसलर, सुश्री अर्चना धीर, निदेशक कॉर्पाेरेट रिसोर्स सेंटर, और इंजीनियरिंग संकाय के शिक्षकगण, प्लेसमेंट विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बी.टेक. 2027 बैच के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से कार्यशालाओं, सेमिनारों, हैकाथॉन, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम तथा शोध गतिविधियों का आयोजन करेंगे। सहयोग का प्रमुख फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट जैसी उभरती तकनीकों पर रहेगा, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ तथा दोनों संस्थानों ने नवाचार, रोजगार क्षमता और उच्च शिक्षा में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए दीर्घकालिक सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
Jd News Vision