Jdnews Vision…
संतोष कुमार गुप्ता…..
*गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर प्रेमचंद साहित्य संस्थान के निदेशक ने दी जानकारी, देशभर के साहित्यकार होंगे शामिल…
गोरखपुर : : हिंदी आलोचना, कविता और गद्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले साहित्यकार डॉ. परमानंद श्रीवास्तव की स्मृति में गोरखपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। प्रेमचंद साहित्य संस्थान और ‘सारथी’ पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में 19 और 20 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय ‘परमानंद श्रीवास्तव : महत्व और अवदान’ रखा गया है। संगोष्ठी में देश के विभिन्न हिस्सों से जाने-माने साहित्यकार, आलोचक और विद्वान शामिल होकर डॉ. परमानंद श्रीवास्तव के साहित्यिक योगदान और उनकी रचनाधर्मिता पर चर्चा करेंगे।
इस संबंध में प्रेमचंद साहित्य संस्थान के निदेशक प्रो. सदानंद शाही ने मंगलवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉ. परमानंद श्रीवास्तव का गोरखपुर की साहित्यिक परंपरा से बेहद गहरा जुड़ाव रहा है। गोरखपुर के साहित्य प्रेमियों और साहित्यिक गतिविधियों को उन्होंने लंबे समय तक अपनी रचनात्मक ऊर्जा और पहचान दी। ऐसे साहित्यकार की स्मृति में आयोजित होने वाली यह संगोष्ठी उनके साहित्यिक अवदान को याद करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
प्रो. सदानंद शाही ने बताया कि डॉ. परमानंद श्रीवास्तव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र के रहने वाले थे। उन्होंने तत्कालीन आगरा विश्वविद्यालय से हिंदी में एमए की शिक्षा प्राप्त की थी। अध्यापन को उन्होंने अपने जीवन का साधन बनाया और गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज कॉलेज में अध्यापन कार्य शुरू किया। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में अपनी सेवाएं दीं और विभाग में आचार्य पद को सुशोभित किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. परमानंद श्रीवास्तव केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि हिंदी साहित्य के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले गंभीर साहित्यकार थे। हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उन्होंने कविता, कहानी, डायरी और आलोचना के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया। शुरुआत कविता से करने के बाद उन्होंने कथा और अन्य विधाओं में भी लेखन किया, लेकिन उन्हें सबसे अधिक ख्याति हिंदी आलोचना के क्षेत्र में मिली।
डॉ. परमानंद श्रीवास्तव की प्रमुख कृतियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि ‘उजली हंसी के छोर पर’, ‘अगली शताब्दी के बारे में’ और ‘एक अनायक का वृत्तांत’ जैसी रचनाएं उनकी काव्य-सर्जना का महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। वहीं ‘रुका हुआ समय’, ‘नींद में मृत्यु’ और ‘इस बार सपने में’ सहित उनकी अन्य रचनाओं ने हिंदी साहित्य को समृद्ध किया। आलोचक के रूप में उनकी प्रमुख कृतियों में नई कहानी का परिप्रेक्ष्य, हिंदी कहानी की रचना प्रक्रिया, कवि कर्म और काव्यभाषा, कविता का अर्थ, कविता का उत्तरजीवन, समकालीन कविता का यथार्थ और उपन्यास का यथार्थ सहित कई महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि डॉ. परमानंद श्रीवास्तव की रचनाओं और आलोचनात्मक दृष्टि ने हिंदी साहित्य में नई कहानी, समकालीन कविता और उपन्यास सहित विभिन्न विधाओं को समझने का एक महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया। साहित्य में उनके योगदान को व्यापक रूप से सम्मान मिला। लेखक के रूप में उनकी कृति ‘एक विस्थापित की डायरी’ भी चर्चित रही। उन्होंने आलोचना पत्रिका का संपादन भी किया और ‘सारथी’ पत्रिका तथा प्रेमचंद साहित्य संस्थान से लगातार जुड़े रहे।
प्रो. सदानंद शाही ने बताया कि डॉ. परमानंद श्रीवास्तव को उनके साहित्यिक योगदान के लिए अनेक सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हुए। इनमें व्यास सम्मान, भारत भारती सम्मान और रामचंद्र शुक्ल पुरस्कार प्रमुख हैं। उनकी साहित्यिक यात्रा और उपलब्धियों को देखते हुए 19-20 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश के विभिन्न हिस्सों से साहित्यकारों और विद्वानों को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में प्रो. रमाशंकर (कोलकाता), प्रो. अरुण कमल (पटना), प्रो. दुर्गा प्रसाद गुप्त (दिल्ली), प्रो. प्रणय कृष्ण (प्रयागराज), प्रो. अनामिका (दिल्ली), सुधी अस्थाना सरगावी (कोलकाता), डॉ. नीरजित (आसनसोल), अच्युत शुक्ल (बस्ती), स्वप्निल श्रीवास्तव, प्रो. रघुवीर मणि, डॉ. विशाल श्रीवास्तव (फैजाबाद), अरविंद श्रीवास्तव (लखनऊ), जितेंद्र श्रीवास्तव (दिल्ली), रवींद्रनाथ श्रीवास्तव परिचय दास और ए. अरविंदान सहित कई विद्वानों को आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में डॉ. परमानंद श्रीवास्तव के साहित्य, उनकी आलोचनात्मक दृष्टि, कविता, कहानी, डायरी और हिंदी साहित्य में उनके व्यापक योगदान पर गंभीर विमर्श होगा। संगोष्ठी का उद्देश्य उनके साहित्यिक अवदान का पुनर्मूल्यांकन करने के साथ ही गोरखपुर की साहित्यिक विरासत और हिंदी साहित्य में उनके योगदान को देश के व्यापक साहित्यिक परिदृश्य के सामने रखना है।
Jd News Vision