Breaking News

विकासखण्ड देवप्रयाग स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन…

Jdnews Vision….

*संस्कृत पढ़ने से समाजहित निहित- मुख्य अतिथि डॉ. मूलचन्द्र शुक्ल ….

देवप्रयाग: :  उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थान,हरिद्वार के तत्त्वावधान में छात्र-छात्राओं में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि, संस्कार एवं संस्कृतनिष्ठ अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने एवं उसके प्रचार प्रसार के उद्देश्य से विकासखण्ड देव प्रयाग स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिताएँ 2026-27 का आयोजन किया गया।ये 23 एवं 24 सितंबर 2026 को वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज महड़जाली, विकासखंड देवप्रयाग, जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित हुईं।

कार्यक्रम का शुभारम्भ विकासखंड प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट के मुख्य आतिथ्य, मनोज पाल बिष्ट,ग्राम प्रधान -डांडा एवं अर्जुन चौहान,ग्राम प्रधान कोटी के विशिष्ट आतिथ्य और खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. भास्कर चंद्र बेबनी की विशिष्ट उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय इंटर कॉलेज महड़जाली के प्रधानाचार्य अनिल सेमवाल ने की। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिताओं का विधिवत् शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन में विद्यार्थियों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

प्रतियोगिताओं में विकासखण्ड देवप्रयाग के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 6 से 10 तक तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 11 से परास्नातक स्तर तक के छात्र-छात्राओं के लिए छह प्रकार की प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इनमें संस्कृत नाटक, संस्कृत समूहगान,संस्कृत समूह नृत्य, संस्कृत वाद-विवाद, संस्कृत आशुभाषण एवं श्लोकोच्चारण शामिल रहीं। विविध प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी विर्द्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के प्रदर्शन से सबको आश्चर्यचकित एवं मन्त्रमुग्ध कर दिया।

प्रतियोगिताओं में पतञ्जलि गुरुकुलम्,मूल्यगांव ने कनिष्ठ वर्ग की संस्कृत समूह नृत्य, संस्कृत वाद-विवाद,संस्कृत आशुभाषण एवं श्लोकोच्चारण और वरिष्ठ वर्ग की संस्कृत समूहगान, संस्कृत वाद-विवाद, संस्कृत आशुभाषण एवं श्लोकोच्चारण प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इसी क्रम में कनिष्ठ वर्ग की संस्कृत नाट्य एवं संस्कृत समूहगान प्रतियोगिताओं में राजकीय इंटर कॉलेज हिंडोलाखाल तथा वरिष्ठ वर्ग की संस्कृत समूह नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कालेज पौड़ीखाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग की अन्य प्रतियोगिताओं में द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. मूलचन्द्र शुक्ल, सहायकाचार्य एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष, श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय परिसर चन्द्रबदनी (नैखरी), टिहरी गढ़वाल रहे एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती राधा देवी, ग्राम प्रधान महड़, देवप्रयाग उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्रवक्ता सियाराम चौहान,राजकीय इंटर कालेज महड़जाली ने की।

मुख्य अतिथि डॉ. मूलचन्द्र शुक्ल ने अपने ओजपूर्ण सम्बोधन में संस्कृत पढने से सर्वसमाज का हित निहित है की बात कही। उन्होने संस्कृत भाषा की महत्ता तथा संस्कृत प्रतियोगिताओं के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि द्वारा विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के अध्ययन,प्रचार- प्रसार एवं संवर्धन के लिए प्रेरित किया गया। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए संस्कृत को भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान-परंपरा की महत्वपूर्ण संवाहक भाषा बताया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हरिश्चन्द्र डंगवाल रहे। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मधुसूदन सती एवं डॉ. ज्ञान सागर कुकरेती ने प्रतियोगिताओं के सफल संचालन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन समारोह में अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति अनुराग उत्पन्न करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता,आत्मविश्वास और मंचीय अभिव्यक्ति को भी विकसित करती हैं।

कार्यक्रम में  प्रसन्न डबराल,  धीरज डंगवाल,  वेद प्रकाश बडोनी,  कृष्ण कुमार अवस्थी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ, विभिन्न विद्यालयों के संस्कृत शिक्षक, निर्णायकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं,अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

प्रतियोगिताओं का सम्पूर्ण वातावरण संस्कृतमय, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण रहा।

About admin

Check Also

सेवा संकल्प अभियान के तहत परसदा (भ) में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का भव्य आयोजन,

Jdnews Vision…. *सेवा संकल्प अभियान के तहत परसदा (भ) में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का भव्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *