Jdnews Vision….
संतोष कुमार गुप्ता…
खराब मौसम में भीगते हुए स्कूल जाने को मजबूर हुए मासूम…
गोरखपुर : : जनपद में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव ने आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत गोरखपुर में भारी वर्षा, आंधी और वज्रपात की स्पष्ट चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद स्थानीय जिला प्रशासन की सुस्ती सवालों के घेरे में आ गई है।
पड़ोसी जनपद सिद्धार्थनगर में जिला प्रशासन ने मौसम की नजाकत को भांपते हुए कल ही विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया, वहीं गोरखपुर में प्राथमिक से लेकर उच्च कक्षाओं तक के स्कूलों को बंद करने का कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं हुआ।
नतीजतन, लबालब भरी सड़कों और लगातार गिरते पानी के बीच छोटे-छोटे मासूम बच्चे और अभिभावक भीगते हुए स्कूल पहुंचने को मजबूर हुए हैं। जगह-जगह हुए जलभराव और आकाशीय बिजली की आशंका के बीच बच्चों को स्कूल भेजने और उनकी सकुशल वापसी को लेकर अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
अभिभावकों का सीधा आरोप है कि पड़ोसी जिलों की त्वरित सक्रियता के उलट गोरखपुर जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के गंभीर अलर्ट को नजरअंदाज किया, जिससे हजारों नौनिहालों की सुरक्षा सीधे तौर पर जोखिम में है।
Jd News Vision