Jdnews Vision……
15 नवंबर की संध्या और 16 नवंबर की प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ श्रद्धा एवं उल्लास से मनेगा छठ महापर्व….
विशाखापत्तनम : : लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ पूजा इस वर्ष भी विशाखापत्तनम में पूरे श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
इसी क्रम में गजुवाका स्थित विनायक नगर, वुडा कॉलोनी के श्री शिवराम परिवार मंदिर परिसर में भारतीय सांस्कृतिक संघ के तत्वावधान में भव्य छठ पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 15 नवंबर की संध्या तथा 16 नवंबर की प्रातःकालीन बेला में संपन्न होगा। इस दौरान छठ व्रती पारंपरिक विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी एवं उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना करेंगे।
आयोजन की जानकारी संस्था के प्रमुख सदस्य श्री राजदेव मंडल द्वारा साझा की गई। उन्होंने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है। इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक साथ मिलकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
छठ महापर्व केवल एक पूजा नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, पवित्रता, समर्पण और प्रकृति के प्रति सम्मान का अद्भुत संगम है। पूर्वांचल की इस गौरवशाली परंपरा ने आज देश के कोने-कोने में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
जय छठी मैया! जय सूर्य देव!
समाचार संपादक: राघवेंद्र मिश्रा
JD NEWS VISION |
विशाखापत्तनम
Jd News Vision