जेडी न्यूज विजन.
मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम ने 91 कर्मचारियों को 3.70 करोड़ रुपये के देयकों का कराया वितरण,अब तक 196 कर्मचारियों को 9.25 करोड़ रुपये का भुगतान…
बलरामपुर,28 जून : :आदर्श नगर पालिका परिषद,बलरामपुर के कर्मचारियों के वर्षों से लंबित बकाया सेवानिवृत्त एवं अन्य देयकों के शत-प्रतिशत भुगतान के उपलक्ष्य में रविवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम रहे। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों को उनके बकाया देयकों का भुगतान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के कुशल नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों में नगर का चहुंमुखी विकास हुआ है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। साथ ही सामाजिक एवं धार्मिक समरसता को सुदृढ़ करने तथा नगर पालिका कार्यालय को हाईटेक एवं संस्थागत रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 41 वर्षों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के करोड़ों रुपये के देयक लंबित चले आ रहे थे,जिन्हें डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के अथक प्रयासों से मात्र तीन वर्षों के कार्यकाल में शत-प्रतिशत भुगतान कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की गई है।
बताया गया कि अध्यक्ष के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2024 में राज्य वित्त आयोग निधि के अंतर्गत 2,83,61,728 रुपये तथा वर्ष 2026 में 3,64,78,427 रुपये की अतिरिक्त ग्रांट प्राप्त हुई। इसी धनराशि से आज 91 कर्मचारियों को कुल 3,70,53,932 रुपये के बकाया देयकों का भुगतान किया गया।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि अब तक कुल 196 कर्मचारियों को 9,25,20,096 रुपये के बकाया देयकों का पूर्ण भुगतान किया जा चुका है। इसके साथ ही आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर कर्मचारियों के बकाया देयकों के मामले में पूर्णतः देनदारी मुक्त हो गई है। भविष्य में शासन से प्राप्त होने वाली धनराशि का उपयोग नगर के विकास एवं जनहित के कार्यों में किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष रवि मिश्र का बयान
जिला अध्यक्ष रवि मिश्र ने कहा कि आदर्श नगर पालिका परिषद,बलरामपुर ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की है। चार दशकों से लंबित भुगतान का निस्तारण प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनप्रतिनिधियों की सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ का बयान
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि कर्मचारियों का बकाया भुगतान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल था। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगर पालिका के समस्त अधिकारियों,कर्मचारियों,जनप्रतिनिधियों एवं शासन के सहयोग से संभव हो सकी है। अब जबकि नगर पालिका कर्मचारियों के बकाया देयकों से पूरी तरह मुक्त हो चुकी है,आगे शासन से प्राप्त होने वाली धनराशि का उपयोग नगर के समग्र विकास,आधारभूत सुविधाओं के विस्तार,स्वच्छता,सौंदर्यीकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को और अधिक गति देने में किया जाएगा।
उक्त अवसर पर अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य,रासबिहारी शुक्ल,रमेश पाहवा,शिव प्रसाद द्विवेदी,अविनाश मिश्र,सर्वेश सिंह,कैप्टन राजेन्द्र सिंह,डा प्रमोद श्रीवास्तव,डा राकेश चन्द्र,डा तुलसीश दूवे,बिन्दू विश्वकर्मा,डा एके सिंह,मंगल बाबू,इन्द्र भूषण जायसवाल, सुनीता सिंह,संतोष गुप्ता,अंकुर सिंह,निशांत सिंह उमंग पाल सिंह,राजा अग्रवाल,महेन्द्र प्रताप सिंह जनप्रतिनिधि,सभासदगण,नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Jd News Vision