Jdnews Vision….
राघवेंद्र मिश्रा…..मैनेजिंग एडिटर…..
विशाखापत्तनम : : भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में “लोकतंत्र को मजबूत बनाने में नैतिक पत्रकारिता की भूमिका” विषय पर महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों एवं संघ के पदाधिकारियों ने पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, बदलते मीडिया परिदृश्य तथा पत्रकारों की सामाजिक एवं लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चार प्रमुख स्तंभों में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु भी है। ऐसे में समाचारों के संकलन एवं प्रसारण में तथ्यपरकता, निष्पक्षता, सत्यता और नैतिक मूल्यों का पालन आवश्यक है।
संगोष्ठी में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि डिजिटल और सोशल मीडिया के तेजी से विस्तार के दौर में फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाओं और अपुष्ट खबरों की चुनौती बढ़ी है। पत्रकारों को किसी भी सूचना को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके स्रोत और तथ्यों की विश्वसनीयता की पुष्टि करनी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। समाचारों में तथ्य और विचार के बीच स्पष्ट अंतर बनाए रखना, संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर देना तथा जनहित को प्राथमिकता देना एक जिम्मेदार पत्रकार की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में पत्रकारों के अधिकारों, उनकी कार्य परिस्थितियों और पत्रकारिता के क्षेत्र में पेश आ रही विभिन्न चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित पत्रकारों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।
भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने कहा कि बदलते तकनीकी युग में पत्रकारिता के स्वरूप में भले ही बदलाव आया हो, लेकिन सत्य, निष्पक्षता और जनहित पत्रकारिता के मूल आधार हमेशा बने रहेंगे।
Jd News Vision