Breaking News

गोमती नगर व फैजुल्लागंज तक पहुंचा गोमती नदी का पानी, 400 परिवार संकट से घिरे

 Jdnews Vision…..

लखनऊ : : लगातार बारिश के बाद गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से रविवार को राजधानी के कई इलाके बाढ़ जैसे हालात से जूझते नजर आए। गोमती नगर में भी नदी का पानी पहुंच गया, जबकि फैजुल्लागंज के दाउदनगर और मामा कॉलोनी पूरी तरह पानी से घिर गए हैं।

हालात ऐसे हो गए कि करीब 400 परिवार अपने ही घरों में कैद हो गए। कई मकानों के नीचे मंजिल में पानी पहुंचने से लोगों को ऊपरी मंजिलों पर शरण लेनी पड़ी।

गोमती नगर में अंडरपास बना तालाब…

गोमती नगर में अंबेडकर स्मारक और जी-20 रोड के बीच बने अंडरपास के पास गोमतीनदी का पानी पहुंच गया है। पानी भरने की सूचना मिलने पर नगर निगम में हड़कंप मच गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि गोमती नदी का जलस्तर नाले के स्तर से ऊपर पहुंच गया है, जिससे नदी का पानी नाले के रास्ते अंडरपास तक आ गया। कुछ ही घंटों में अंडरपास में कमर से ऊपर तक पानी भर गया।

सूचना मिलते ही अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, नगर अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा समेत नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। बढ़ते खतरे को देखते हुए दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई ताकि कोई वाहन या राहगीर उस रास्ते से न गुजर सके। नगर निगम ने सिंचाई विभाग से संपर्क कर गेट बंद कराने को कहा, जिससे नदी का पानी शहर की ओर न बढ़ सके।

फैजुल्लागंज के दो इलाके बने टापू…

सबसे गंभीर स्थिति फैजुल्लागंज के दाउदनगर और मामा कॉलोनी में रही। यहां गोमती नदी का पानी तेजी से आबादी वाले हिस्सों में घुस गया। सड़कों पर घुटने से ऊपर पानी भर गया और कई गलियां पूरी तरह डूब गईं। करीब 400 परिवार चारों तरफ से पानी से घिर गए। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह तक जो पानी गलियों में था, वह दोपहर होते-होते घरों के भीतर पहुंच गया। कई मकानों के भूतल में पानी भर जाने से परिवारों ने ऊपरी मंजिलों पर शरण ली। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। खाने-पीने का सामान और जरूरी दवाएं पहुंचाना भी मुश्किल हो गया।

घर छोड़ने को तैयार नहीं लोग, नगर निगम ने रैन बसेरे का बिकल्प दिया…

नगर निगम ने लोगों से सुरक्षित स्थानों और रैन बसेरों में जाने की अपील की, लेकिन अधिकांश परिवार घर छोड़ने को तैयार नहीं हुए। लोगों का कहना था कि घर छोड़ने पर सामान और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। जोनल अधिकारी अजीत राय ने बताया कि गोमती नदी का पानी सीधे आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहा है। एसडीआरएफ की टीम दोपहर बाद मौके पर पहुंच गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। नगर निगम ने जिला प्रशासन से भी जरूरी व्यवस्थाएं कराने का अनुरोध किया है। अधिकारियों को आशंका है कि यदि नदी का जलस्तर और बढ़ा तो आसपास के अन्य इलाके भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।

About admin

Check Also

किसान यूनियन के धरना के चलते जन नगिरिको की आवाजाही हुई बाधित…

Jdnews Vision…. मुन्नू लाल तिवारी…  लखनऊ : : तहसील मोहन लाल में आय दिन होते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *