Jdnews Vision….
स्कॉर्पियो को मारी टक्कर… पीड़ित बोला- पिता से मारपीट का बदला लेने आए थे आरोपित
लखनऊ: : फीनिक्स प्लासियो के पास हुई फायरिंग मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पीड़ित आशीष यादव की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने राम लखन के बेटों समेत 8-10 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि दिन में हुई मारपीट का बदला लेने के लिए रात में पीछा कर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई।
पीड़ित आशीष यादव ने पुलिस को बताया कि 20 नवंबर की रात करीब 12:40 बजे वह अपने भांजे आदित्य के साथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहा था। किसान पथ से होते हुए जैसे ही वह प्लासियो मॉल के पास होटल मर्करी के सामने पहुंचा, दो गाड़ियां उसका पीछा करने लगीं। एक काली थार रॉक्स थी और दूसरी सफेद वेन्यू।
आरोप है कि दोनों गाड़ियों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया। वेन्यू ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी और थार ने साइड से टक्कर मार दी। इससे स्कॉर्पियो बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई।
पीड़ित का कहना है कि जैसे ही वह गाड़ी से नीचे उतरा, 8-10 लोगों ने घेर लिया। तहरीर में अनुज यादव और देवेंद्र यादव को राम लखन का बेटा बताया गया है। आरोप है कि इन्हीं दोनों ने गोली चलाई। साथ में धर्मा, भीमा, आशीष और अन्य लोग थे, जिन्होंने लाठी-डंडों से हमला किया।
शोर मचाने पर लोग जुटने लगे तो आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। जाते-जाते बोले- हम शेखना घाट के हैं, मिट्टी का काम करते हैं। अगर मुखबिरी की या काम में दखल दिया तो जान से मार देंगे।
वेलनेस सिटी में अवैध खनन बना वजह?…
सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्ष मिट्टी खनन के काम से जुड़े हैं। सुशांत गोल्फ सिटी में एलडीए की वेलनेस सिटी में अवैध मिट्टी खनन को लेकर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इसी को लेकर गुरुवार दिन में राम लखन के साथ मारपीट हुई थी। उसी का बदला लेने के लिए रात में फायरिंग की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव का कहना है कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।
Jd News Vision