कुंडा से धीरेन्द्र शास्त्री की भावुक विदाई,
राजा भैया ने खुद संभाली कार की स्टीयरिंग…
विरोधियों को दी सीधी चुनौती…
कुंडा के बेंती राजभवन के पास आयोजित चार दिवसीय भव्य श्रीराम कथा के समापन के साथ ही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की विदाई हो गई। इस मौके पर एक खास नजारा देखने को मिला, जब कुंडा विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने खुद कार चलाकर धीरेंद्र शास्त्री को हेलीपैड तक छोड़ा।

रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर दोनों का जोरदार स्वागत किया।
मैं देखना चाहता था कि कौन रोकता है…
बागेश्वर बाबा की गाड़ी खुद ड्राइव करने के पीछे की वजह बताते हुए राजा भैया ने बेहद तीखा और बेबाक बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब से कुंडा में कथा शुरू हुई है, हेलीकॉप्टर से वीवीआईपी आ रहे हैं। हम चाहते तो प्रयागराज एयरपोर्ट से भी उन्हें सीधे हेलीकॉप्टर से ला सकते थे, लेकिन मैं यह देखना चाहता था कि रोकने वाले वे लोग कौन हैं? इसलिए मैं स्वयं सड़क मार्ग से उन्हें लेने गया और प्रशासन को भी इसकी भनक नहीं लगने दी। रास्ते में कोई नजर नहीं आया, यही सनातन का बल है।
विरोधियों पर निशाना साधते हुए राजा भैया ने कहा कि अंग्रेज तो चले गए, लेकिन कुछ राजनीतिक दल आज भी ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर चल रहे हैं। धीरेंद्र शास्त्री हिंदुओं को एकजुट करने और जात-पात मिटाने की बात करते हैं, इसीलिए वे कुछ लोगों को अखरते हैं।
क्या है धीरेन्द्र शास्त्री का संदेश
17 से 20 नवंबर तक चली इस कथा के समापन पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सामाजिक समरसता और हिंदू एकता का बड़ा संदेश दिया।
- एकता का मंत्र : राजा और प्रजा को एक साथ बैठना चाहिए। जात-पात की करो विदाई, हम सभी हिंदू भाई-भाई। कथा के पहले दिन वाल्मीकि समाज से आरती करवाकर भी यही संदेश दिया गया था।
- राष्ट्र रक्षा : विदेशी ताकतें देश और हिंदुओं को बांटने में लगी हैं। सनातनी बचेगा तो देश बचेगा, धर्म बचेगा और तभी संविधान की भी रक्षा हो सकेगी।
हेलीपैड पर पहुंचने के बाद राजा भैया और धीरेंद्र शास्त्री के बीच कुछ देर तक गुफ्तगू हुई, जिसके बाद राजा भैया ने उन्हें ससम्मान विदा किया।
Jd News Vision