Jdnews Vision…..
ग्रेटर नोएडा : : ग्रेटर नोएडा के चुहडपुर गांव में श्री रघुराज भाटी योगेश भाटी व सतेंद्र भाटी के आवास पर दिनांक 17 नवंबर से 20 नवंबर के बीच चार दिवसीय यजुर्वेद पारायण महायज्ञ का अनुष्ठान किया गया। इस यज्ञ के ब्रह्म वैदिक विद्वान आचार्य दशरथ शास्त्री रहे जबकि वेद पाठ गुरुकुल मंझावली फरीदाबाद के ब्रह्मचारियों द्वारा किया गया आमंत्रित भजन उपदेशिका पुष्पा शास्त्री रही।

यह कार्यक्रम आर्य प्रतिनिधि सभा जनपद गौतम बुद्ध नगर के तत्वावधान और आर्य समाज चूहड़पुर ग्रेटर नोएडा के सौजन्य से संपन्न हुआ। आर्य प्रतिनिधि सभा जनपद गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष डॉ राकेश कुमार आर्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन जीवन-दर्शन में परिवार केवल रक्त-संबंधों या सामाजिक सुविधा का एक समूह नहीं है, बल्कि यह धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—इन चारों पुरुषार्थों की सिद्धि का प्रथम और सबसे पवित्र केंद्र है। प्राचीन ऋषियों ने परिवार को ‘कुल’ कहा है, जिसका अर्थ है वह स्थान जहाँ व्यक्ति के
गुणों, संस्कारों और चरित्र का सम्यक विकास होता है। जब हम वेदों की ओर देखते हैं, तो पाते हैं कि वहाँ पारिवारिक सौहार्द, दाम्पत्य प्रेम, माता-पिता के प्रति श्रद्धा और भाइयों के बीच एकता के लिए अत्यंत वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक मंत्रों का विधान किया गया है।
डॉ आर्य ने कहा कि वैदिक जीवन-पद्धति को चार आश्रमों (ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ और संन्यास) में विभाजित किया गया है। इनमें गृहस्थाश्रम को सभी आश्रमों का आधार और पोषक माना गया है, क्योंकि अन्य तीनों आश्रमों का भरण-पोषण गृहस्थ के परिश्रम और त्याग से ही होता है। वेद वैदिक विवाह और पारिवारिक जीवन का भी संविधान है। ऋग्वेद में नवदम्पति को आशीर्वाद देते हुए कहा गया है कि
पति और पत्नी! तुम दोनों गृहस्थाश्रम में साथ-साथ रहो, कभी एक-दूसरे से अलग न होओ। अपनी संपूर्ण आयु का उपभोग करो तथा अपने पुत्रों और पौत्रों के साथ क्रीड़ा करते हुए अपने घर में सदैव आनंदित रहो।
उन्होंने कहा कि हमारे वेद जहां हमें संयुक्त परिवार की भावना से भरते हैं वहीं आज परिवारों के टूटन का सिलसिला निरंतर जारी है। जिसे रोकने के लिए आर्य समाज जैसी पवित्र संस्था ही सामने आ सकती है। उन्होंने कहा कि ऋग्वेद में ही एक स्थान पर वधू को परिवार की ‘सम्राज्ञी’ (महारानी) के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। वैदिक समाज में स्त्री को घर की दासी नहीं, बल्कि संपूर्ण व्यवस्था की संचालिका माना गया है। वधु को संबोधित करते हुए कहा गया है कि तुम अपने श्वसुर (ससुर) के हृदय पर शासन करने वाली सम्राज्ञी बनो, सास की प्रिय सम्राज्ञी बनो, ननद के प्रति स्नेह रखने वाली सम्राज्ञी बनो और देवरों पर भी अपना मातृवत अधिकार रखने वाली सम्राज्ञी बनो।
डॉ आर्य ने कहा कि संयुक्त परिवार में जहाँ अनेक सदस्य एक साथ रहते हैं, वहाँ वैचारिक मतभेद या संपत्ति संबंधी विवाद होना स्वाभाविक है। इन संभावित कलहों को जड़ से समाप्त करने के लिए अथर्ववेद के ‘साम्मनस्य सूक्त’ (पारिवारिक एकता का सूक्त) दिया गया है। इस सूक्त के मंत्र किसी भी परिवार को स्वर्ग बनाने की अचूक औषधि हैं। यहां पर कुलगुरु कह रहा है कि मैं तुम सब परिवार के सदस्यों के हृदयों को एक जैसा, मनों को एक दूसरे के अनुकूल और द्वेष से रहित करता हूँ। जिस प्रकार एक गाय अपने नवजात बछड़े से निस्वार्थ प्रेम करती है, उसी प्रकार तुम सब एक-दूसरे से प्रेम करो। इसी के दृष्टिगत वेद ने भाई-भाई से द्वेष ना करें और बहन बहन से द्वेष ना करें ऐसी व्यवस्था भी हमको एक विधिक प्रावधान के अंतर्गत प्रदान की। आज परिवार की बिगड़ी हुई व्यवस्था को सुधारने के लिए हमें
मातृदेवो भव। पितृदेवो भव।आचार्यदेवो भव। अतिथिदेवो भव॥ की पवित्र व्यवस्था पर विचार करने की आवश्यकता है। जिसमें कहा गया है कि माता को देवता मानने वाले बनो, पिता को देवता मानने वाले बनो, आचार्य (गुरु) को देवता मानने वाले बनो और अतिथि को देवता मानने वाले बनो।
भारतीय संस्कृति में वृद्धाश्रमों की आवश्यकता इसलिए नहीं पड़ी क्योंकि माता-पिता को जीवित देवता का दर्जा दिया गया। संतान का यह परम कर्तव्य माना गया कि वह वृद्धावस्था में माता-पिता की सेवा कर ‘पितृ-ऋण’ से उऋण हो।
यज्ञ के ब्रह्मा आचार्य दशरथ कुमार ने इस अवसर पर कहा कि यदि वेद पारिवारिक व्यवस्था के सिद्धांत हैं, तो महर्षि वाल्मीकि कृत रामायण उसका व्यावहारिक प्रयोग है। रामायण की संपूर्ण कथा ही पारिवारिक संबंधों की मर्यादा, त्याग और कर्तव्यपरायणता पर टिकी है। लंका विजय के पश्चात जब लक्ष्मण ने स्वर्णमयी लंका के वैभव की प्रशंसा की, तो भगवान श्रीराम ने परिवार और जन्मभूमि के प्रति अपने असीम प्रेम को यह कहकर स्पष्ट किया कि
हे लक्ष्मण! यद्यपि यह लंका सोने की बनी है, फिर भी मुझे यह रुचिकर नहीं लगती; क्योंकि माता और जन्मभूमि का स्थान स्वर्ग से भी बढ़कर (महान) है। आचार्य दशरथ शास्त्री ने कहा कि मनुष्य शरीर में एक उभय यौनि है जहां हम नए कर्म करक नवीन पुण्य बना सकते हैं पहले किये का फल भोग सकते हैं बाकी अन्य गाय आदि योनियों केवल भोग यौनि है गाय कितना ही दूध दे उसका कोई पुण्य नहीं बनता।
कार्यक्रम के समापनीय सत्र में भाषा प्रचारिणी सभा गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष आर्य सागर ने कहा–पारायण यज्ञ करना पुण्य की खेती है जिसका बहुत महान फल हमें जन्म-जन्मांतर में मिलता है। सुख धर्म से ही मिलता है ,भले ही सुख के कितने ही साधन एकत्रित हम कर लें अधर्म से हमें सुख नहीं मिल सकता । अधर्मी बंधु बांधवों सहित मूल सहित नष्ट हो जाता है । आमंत्रित भजनोपदेशीका पुष्पा शास्त्री जी ने नशा की बुराई के विरुद्ध जागरूक करने वाला बहुत सुंदर भजन सुनाया। अतिथि भजनोपदेशक पंडित धर्मवीर सात्विक ने भी बहुत ही प्रेरक भजनोपदेशन के माध्यम से प्रस्तुति दी । जिसे श्रोता मंत्र मुग्ध हो गए । वेद प्रचार समिति गौतम बुद्ध नगर के प्रधान विजेंद्र आर्य ने बहुत सुंदर ढंग से यज्ञ में उपस्थित बहन बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपको पाखंड से बचना चाहिए। आपकी संतान ही सच्चे लड्डू गोपाल हैं । उनका पालन पोषण वैदिक शिक्षाओं से करें। उन्हें राम कृष्ण के आदर्शों से परिचित कराओ। गुरुकुल मुरसदपुर के मुख्य आचार्य वेद प्रकाश ने भी अपना संबोधन दिया । गुरुकुल के एक सात वर्षीय ब्रह्मचारी ने गीता के 12 वें अध्याय को सुनाया , गुरुकुल के अधिकांश ब्रह्मचारी अष्टाध्यायी गीता कंठस्थ कर रहे हैं। अंत में समापन सत्र के अध्यक्ष वानप्रस्थी देव मुनि जी ने अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को पंच महायज्ञ को अपनाने और परिवारों में लागू करने संध्या अग्निहोत्र करने पर विशेष बल दिया।

सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के आयोजक डॉ रघुराज सिंह ने कहा कि वेद की शरण में जाकर असीम शांति का अनुभव होता है। इस प्रकार के यज्ञ संपन्न करने से भी घर में आनंद की अनुभूति होती है इसलिए प्रत्येक गृहस्थी को इस प्रकार के यज्ञों का आयोजन करना चाहिए। इस यज्ञ में शिव मुनि जी महाराज ,यशपाल आर्य, वेद प्रचारिणी सभा के जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह आर्य, हेम सिंह आर्य , देव मुनि जी महाराज, जिला उप प्रधान महावीर सिंह आर्य ,भाषा प्रचारिणी सभा के जिलाध्यक्ष ब्रह्मचारी आर्य सागर, आर्य समाज नियाना के अध्यक्ष गजराज सिंह आर्य ,राजेंद्र सिंह आर्य, मास्टर जयंती प्रसाद आर्य, सुखबीर सिंह आर्य, बलबीर सिंह आर्य, भागीरथ बाबूजी, मास्टर प्रताप आर्य, बलबीर प्रधान, जयकरण आर्य, हरस्वरूप महाशय, रामप्रसाद आर्य , प्रधान विजेंद्र आर्य , रामे भाटी नेत्रपाल आर्य, धर्मेंद्र आर्य ,महेश चंद आर्य,सहित आयोजक परिवार के सभी रिश्तेदार गांव चूहडपुर वासी आर्य समाज चुहडपुर के विशेष सभी पदाधिकारी जिन्होंने इस कार्य करने के लिए आयोजक परिवार को प्रेरित किया, आदि की गौरवपूर्ण उपस्थिति रही।
Jd News Vision