Jdnews Vision….
बेंगलुरु: : देश के प्रतिष्ठित डायबिटीज सम्मेलन RSSDI 2026 में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में सहभागिता करते हुए युवाओं में डायबिटीज के निदान एवं उपचार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण चिकित्सकीय चुनौती पर व्याख्यान दिया।
डॉ. सतीश कुमार ने अपने व्याख्यान “Too Young, Too Thin, Too Complicated Case Labelled as T2DM, and Uncontrolled Plasma Sugar on Multiple OHAs—When to Stop the Treatment and Start Rethinking” के माध्यम से उन मरीजों पर विशेष ध्यान आकर्षित किया, जिन्हें कम उम्र, कम वजन तथा जटिल क्लीनिकल परिस्थितियों के बावजूद टाइप-2 डायबिटीज मानकर उपचार दिया जा रहा है, लेकिन अनेक ओरल एंटीडायबिटिक दवाओं (OHAs) के बावजूद उनका ब्लड शुगर नियंत्रित नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों में केवल दवाओं की संख्या बढ़ाते जाना उचित नहीं है, बल्कि बीमारी के वास्तविक प्रकार और कारणों पर पुनर्विचार करना आवश्यक है। कुछ मरीजों में LADA, टाइप-1 डायबिटीज, MODY अथवा अन्य विशिष्ट प्रकार की डायबिटीज की संभावना हो सकती है, जिनकी पहचान के लिए विस्तृत क्लीनिकल मूल्यांकन, उपयुक्त जांच तथा उपचार की रणनीति में बदलाव जरूरी होता है।

डॉ. कुमार ने चिकित्सकों को संदेश दिया कि जब मरीज की क्लीनिकल तस्वीर सामान्य टाइप-2 डायबिटीज से मेल न खाए और कई दवाओं के बावजूद ग्लाइसेमिक नियंत्रण खराब बना रहे, तो यह उपचार बदलने के साथ-साथ निदान पर पुनर्विचार करने का संकेत है।
उनका व्याख्यान युवा एवं दुबले मरीजों में डायबिटीज के सटीक वर्गीकरण, व्यक्तिगत उपचार और समय पर सही चिकित्सकीय निर्णय के महत्व पर केंद्रित रहा।
Jd News Vision