Breaking News

नौकरीपेशा लोगों की झोली में बड़ी खुश खबरी…21 नवंबर से लागू हुए ESIC के नए नियमों में क्या-क्या बदला?…

Jdnews Vision….

नई दिल्ली : : नौकरी करने वाले लाखों लोगों के लिए केंद्र सरकार की ओर से राहत भरी खबर आई है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम यानी ESIC से जुड़ी सुविधाओं को पहले से आसान बनाने के लिए सरकार ने नए नियम लागू कर दिए हैं।

21 नवंबर 2026 से प्रभावी इन बदलावों का सीधा फायदा उन कर्मचारियों को मिल सकता है, जो ESIC योजना के दायरे में आते हैं।

अब बीमारी या मातृत्व के दौरान आर्थिक सहायता पाने के लिए कर्मचारियों को पहले की तरह अलग से क्लेम की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। जरूरी दस्तावेज और पात्रता पूरी होने पर भुगतान सीधे बैंक खाते में पहुंच सकता है। इसके अलावा दुर्घटना की स्थिति में भी कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए राहत का रास्ता आसान बनाया गया है।

21 हजार रुपये तक वेतन वालों को सुविधा…

ESIC का लाभ सामान्य तौर पर उन कर्मचारियों को मिलता है, जिनकी मासिक सैलरी 21,000 रुपये तक है, जबकि दिव्यांग कर्मचारियों के लिए यह सीमा 25,000 रुपये रखी गई है। इस योजना में कर्मचारी की सैलरी से 0.75 फीसदी और कंपनी की तरफ से 3.25 फीसदी योगदान जमा किया जाता है। आसान शब्दों में कहें तो कर्मचारी और नियोक्ता दोनों मिलकर इस सामाजिक सुरक्षा योजना को चलाते हैं।

बीमारी में पैसे के लिए नहीं लगाने होंगे चक्कर….

कर्मचारी के बीमार पड़ने पर आर्थिक मदद पाने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। नए प्रावधानों के मुताबिक, पात्रता पूरी होने पर बीमारी का लाभ देने की प्रक्रिया ESIC की तरफ से शुरू की जा सकती है, जिसके लिए अलग से क्लेम करने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि इसके लिए मेडिकल सर्टिफिकेट और जरूरी जानकारी सिस्टम में उपलब्ध होना अनिवार्य है।

महिलाओं को मातृत्व लाभ पाने में आसानी…

मातृत्व लाभ के मामले में भी नई व्यवस्था लागू की गई है। पात्र महिला कर्मचारियों को सहायता राशि प्राप्त करने के लिए अलग से क्लेम दाखिल करने की परेशानी कम होगी। जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध होने और निर्धारित शर्तें पूरी होने पर भुगतान सीधे बैंक खाते में किया जा सकेगा।

काम के दौरान हादसा होने पर आसान होगी मदद…

ड्यूटी के दौरान दुर्घटना का शिकार होने वाले कर्मचारियों के लिए भी नियमों में बदलाव किया गया है। अब नियोक्ता की ओर से ESIC को भेजी गई दुर्घटना रिपोर्ट को ही निर्धारित परिस्थितियों में क्लेम के तौर पर स्वीकार किया जा सकेगा। इससे चोट के कारण अस्थायी या स्थायी रूप से काम करने में असमर्थ कर्मचारियों को सहायता मिलने की प्रक्रिया आसान हो सकती है, और कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार को मिलने वाली आर्थिक मदद भी इसी दायरे में आती है।

भुगतान के लिए तय हुई समयसीमा…

सरकार ने अलग-अलग सुविधाओं के भुगतान के लिए निश्चित समयसीमा भी तय की है। इसके तहत बीमारी का पैसा 7 दिनों में, मातृत्व लाभ की पहली किस्त 14 दिनों में और अंतिम संस्कार सहायता 15 दिनों में देने का प्रावधान है। वहीं, दिव्यांगता लाभ की पहली किस्त के लिए एक महीने और कर्मचारी की मृत्यु पर आश्रितों को शुरुआती भुगतान के लिए तीन महीने की समयसीमा तय की गई है।

कर्मचारियों को इन जरूरी बातों का रखना होगा ध्यान….

नई व्यवस्था का लाभ लेने के लिए केवल ESIC में पंजीकरण होना पर्याप्त नहीं है। कर्मचारी का बैंक खाता आधार से जुड़ा होना चाहिए और ESIC इंश्योरेंस नंबर भी आधार से लिंक होना जरूरी है। इसके अलावा कंपनी को बीमारी, छुट्टी और मातृत्व से संबंधित जरूरी जानकारी पोर्टल पर Form 8B के माध्यम से जमा करनी होगी।

इन बदलावों से ESIC के पात्र कर्मचारियों को इलाज और दूसरी जरूरतों के दौरान आर्थिक सहायता हासिल करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। खासकर क्लेम की लंबी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई कम होने से कर्मचारियों को बड़ी राहत मिल सकती है।

About admin

Check Also

आयुष्मान योजना: मोतियाबिंद-फ्रैक्चर से लिवर तक, इन 112 बीमारियों का इलाज अब प्राइवेट अस्पताल में नहीं होगा…

Jdnews Vision…… नई दिल्ली : : केंद्र सरकार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *