Jdnews Vision
(राघवेंद्र मिश्रा )
….मैनेजिंग एडिटर….
विशाखापट्टनम: : दक्षिण तट रेलवे (South Coast Railway) के महाप्रबंधक ने नवगठित दक्षिण तट रेलवे जोन के चारों मंडलों का लगभग 3,500 किलोमीटर लंबा व्यापक निरीक्षण कर रेलवे संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना, यात्री सुविधाओं तथा विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने इच्छापुरम–विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा–गुडूर–रेणिगुंटा, तिरुपति–गुंतकल, विशाखापट्टनम–राजमुंदरी, नंद्याल–गुंटूर तथा गुंटूर–मधीरा रेलखंडों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 35 प्रमुख रेलवे स्टेशनों, यार्ड, रनिंग रूम, क्रू लॉबी, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, लेवल क्रॉसिंग, सुरंगों, ट्रैक अनुरक्षण तथा 23 अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
महाप्रबंधक ने रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर स्थानीय आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि रेल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान ट्रैक, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नलिंग प्रणाली, मानसून तैयारियों तथा अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की विशेष समीक्षा की गई।

उन्होंने तीसरी रेल लाइन, यार्ड री-मॉडलिंग, रेल ओवर रेल (ROR), स्टेशन पुनर्विकास, सुरंग निर्माण तथा प्रस्तावित नई रेलवे परियोजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया। तिरुपति स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों तथा कडप्पा सहित अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की समीक्षा की गई। साथ ही प्रस्तावित नांबूर रेल लाइन के संरेखण पर भी चर्चा हुई।
विशाखापट्टनम न्यू कोच केयर सेंटर में महाप्रबंधक ने कोचों के रखरखाव, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा महिला कर्मचारियों के कार्यस्थल की सुविधाओं का निरीक्षण किया और उनसे संवाद भी किया।
आगामी गोदावरी पुष्करम को ध्यान में रखते हुए महाप्रबंधक ने राजमुंदरी, गोदावरी और कोव्वूर स्टेशनों सहित विभिन्न पुष्कर घाटों का निरीक्षण कर यात्री आवागमन, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा राज्य सरकार के साथ समन्वय की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में रेल ओवरब्रिज (ROB) एवं रेल अंडरब्रिज (RUB) की मांग, दो विशेष ट्रेनों को साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित करने, मांग के अनुसार विशेष ट्रेनों के संचालन, आरआरबी अभ्यर्थियों के लिए 12 जनसाधारण स्पेशल ट्रेनों, तीन अमृत भारत स्टेशनों के लोकार्पण, अमरावती क्षेत्र में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर तथा विशाखापट्टनम रेलवे परिसर में आधारभूत संरचना के विस्तार जैसे विषयों की भी समीक्षा की।

महाप्रबंधक संदीप माथुर ने कहा कि दक्षिण तट रेलवे का लक्ष्य “सुरक्षा सर्वोपरि, यात्री सुविधा, कर्मचारियों का कल्याण और समयबद्ध आधारभूत संरचना विकास” है, ताकि नवगठित रेलवे जोन यात्रियों और कर्मचारियों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतर सके।
Jd News Vision