Jdnews Vision…..
समीक्षांजलि: डॉ. राकेश कुमार आर्य द्वारा भारतीय इतिहास एवं संस्कृति का अनुशीलन
1 . भारतीय क्षात्र धर्म और अहिंसा
समीक्षक: डॉ व्यासनंदन शास्त्री
आर्य जगत् के सुप्रसिद्ध इतिहास विशेषज्ञ,गवेषक , चिन्तक,लेखक, युवाओं के प्रेरक ,पथ-प्रदर्शक,सारस्वत प्रतिभा के उपासक, “उगता भारत” साप्ताहिक समाचार पत्र व “आर्योदय” मासिक पत्रिका के कुशल सम्पादक,परामर्शक, अपनी ऐतिहासिक पैनी नजर से इतिहास के अनछुए पहलुओं पर धारदार लेखनी के संवाहक, भारतीय सभ्यता और संस्कृति के उन्नायक,राष्ट्र धर्म रक्षक,भारत को समझो अभियान के उद्घोषक व राष्ट्रीय प्रणेता, ,धीर-वीर-गंभीर व्यक्तित्व के धनी, वैदिक मनीषी विद्वान् डॉ राकेश कुमार आर्य की सबसे पहली पुस्तक ” भारतीय क्षात्र धर्म और अहिंसा ” रही है। जो कि सर्वप्रथम 1999 में प्रकाशित हुई थी। इस पुस्तक में डॉ आर्य ने भारत के क्षत्रिय धर्म की व्याख्या करते हुए यह स्पष्ट किया है कि शस्त्र और शास्त्र का समन्वय करके चलना ही भारतीय क्षत्रिय धर्म की वैदिक परंपरा रही है।जैसा कि स्वयं वेद कहता है -यत्र ब्रह्म च क्षत्रं च सम्यंचौ चरत: सह (यजुर्वेद 20/25) । नि:संदेह कोई भी देश सभ्यताओं के संघर्ष में अपना अस्तित्व तभी बचाकर रख सकता है ,जब वह शस्त्र और शास्त्र के बीच में समन्वय करके आगे बढ़ता है। शास्त्रों का ज्ञान मानव की सबसे पहली आवश्यकता अर्थात् सुरक्षा का कार्य नहीं कर सकता। उसके लिए हाथ में शस्त्र होना आवश्यक है। बड़े से बड़े ऋषि- महर्षि तभी अपने कार्यों को संपन्न कर पाते हैं, जब पहरे पर धनुर्धर राम खड़े होते हैं। कहा भी गया है –शस्त्रेण रक्षिते राष्ट्रे शास्त्रचर्चा प्रवर्तते । अर्थात् शस्त्र से रक्षित राष्ट्र में ही शान्तिपूर्वक निश्चिंतता व निर्बाध गति से शास्त्रचर्चा होती है। इसी भाव से भावित प्रतीकात्मक प्रतिनिधि स्वरूप श्लोक द्रष्टव्य है —
अग्रत:सकलं शास्त्रं पृष्ठत:सशर: धनु:।
इदं ब्राह्म इदं क्षात्रं शापादपि शरादपि ।।
अर्थात् आगे मेरा समग्र शास्त्र हो और पीठ पर तीक्ष्ण वाणों से संयुक्त धनुष । यह ब्राह्म बल है और यह क्षात्र बल । जो यथायोग्य धर्मानुसार ज्ञान पिपासुओं को ज्ञान देने और आततायियों व दुष्टों की हिंसा करने में सर्वथा व सर्वदा सक्षम हैं।
वस्तुत: अपना अस्तित्व सुरक्षित रखने के लिए जिस प्रकार घर में लाठी होना आवश्यक है, उसी प्रकार राष्ट्र का अस्तित्व बचाने के लिए युवा शक्ति के हाथ में शस्त्र होना आवश्यक है।
इस पुस्तक में प्राचीन काल से लेकर अब तक के क्षत्रिय धर्म की व्याख्या करते हुए बड़ी स्पष्टता से अपने मन – मस्तिष्क में वेद शास्त्रादि के अनुपम ज्ञान को संजोए विद्वान् लेखक डॉ राकेश कुमार आर्य ने इस बात को सिद्ध किया है कि जब-जब भारत का क्षत्रिय धर्म अपनी परंपरा से विमुख हुआ है, तब – तब भारत को हानि उठानी पड़ी है और जब वह सजग और सावधान रहा है, तब उसे आशातीत सफलता प्राप्त हुई है। भारतीय क्षत्रिय धर्म पर लगी अहिंसा की जंग को लेखक ने पूर्णतया अनुचित माना है। उन्होंने इस बात पर गहरा खेद व्यक्त किया है कि अशोक जैसे सम्राट ने भारत की क्षत्रिय परंपरा को त्यागकर तलवार को खूंटी पर टांग दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब सिकंदर का आक्रमण हुआ तो देश की सामरिक स्थिति का निरीक्षण- परीक्षण करने के उपरांत चंद्रगुप्त और चाणक्य की जोड़ी ने शस्त्र की आवश्यकता पर बल दिया और शास्त्रों को अर्थात् भारत के पारंपरिक ज्ञान को सुरक्षित किया।
डॉ आर्य ने स्पष्ट किया है कि सम्राट अशोक का हथियार फेंकने का निर्णय पूर्णतया अनुचित था। उनकी स्पष्ट मान्यता है कि अहिंसा की रक्षार्थ हिंसा करनी पड़ती है और ऐसी हिंसा कभी हिंसा नहीं होती। क्योंकि ऐसी हिंसा धर्म की रक्षार्थ की जाती है। देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए आत्म तलवार शोभा देती है। भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में तलवार उन परिस्थितियों में निषिद्ध है जब यह किसी निर्दोष के गले पर चलती है।
इस पुस्तक में लेखक ने भारत के बलिदानी इतिहास पर बड़ी गंभीरता से प्रकाश डाला है। जिसमें यह स्पष्ट किया गया है कि देश और धर्म की रक्षार्थ भारत के वीर – वीरांगनाओं ने समय-समय पर बलिदान देकर किस प्रकार मां भारती की अनुपम सेवा की है?
इस पुस्तक में लेखक ने वैदिक धर्म और अहिंसा, वैदिक राष्ट्र और अहिंसा, भारतीय राजधर्म और अहिंसा, सिकंदर और भारत का क्षत्रिय धर्म, धार्मिक पाखंडवाद ,बौद्ध धर्म और अहिंसा , गुप्तकालीन क्षत्रिय धर्म और अहिंसा, निरंतर बना रहा भारत का पराक्रम, इस्लाम का आगमन और भारतीय अहिंसा, वीरभोग्या वसुंधरा और मां भारती, बगावत या स्वतंत्रता ,दलन या पराक्रम, सर्वत्र शौर्य ही शौर्य, जिनका महाऋणी है यह देश, सर्वत्र क्रांति की गूंज थी, सजी रही बलिदानी परंपरा ,बिखर रहा स्वराज का गुलाल, 1857 का अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन, गांधी जी की अहिंसा बनाम क्रांति, अंत में हमारा बलिदानी इतिहास ही जीता, उपसंहार- जैसे कुल 20 अध्याय बनाए हैं।
भारतीय सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति पूर्णतया समर्पित डॉ आर्य ने अपनी इस पुस्तक की प्रस्तावना में स्पष्ट किया है कि भारतवर्ष को 1947 में जब आजादी मिली तो इस आजादी के विषय में हमें यह समझ लेना चाहिए कि यह हमारे क्रांतिकारी नेताओं के दीर्घकालिक प्रयासों का परिणाम थी। इस दौरान देश को कई भागों में बांटा गया। देश का विभाजन जब 1947 में पाकिस्तान और भारत के रूप में हुआ तो यह विभाजन भी हमारी उस छद्म अहिंसावादी नीति का परिणाम था जिसे कांग्रेस ने उस समय ओढ लिया था। यदि कांग्रेस हमारे सभी क्रांतिकारी स्वाधीनता सेनानियों की भांति मैदान में उतरकर देश के विभाजन का विरोध करती और मुस्लिम तुष्टिकरण की देशविरोधी नीतियों से अपने आपको दूर रखती तो निश्चय ही देश का विभाजन टाला जा सकता था। कहने का अभिप्राय केवल यह है कि छद्मवादी नीति ने देश को हर उस मोड़ पर कष्ट दिया है जिसे हम कभी-कभी ऐतिहासिक मोड़ कह दिया करते हैं। कांग्रेस ने देश के इतिहास का विकृतिकरण और विलोपीकरण भी इसीलिए किया कि यदि इतिहास का सच देश के लोगों के सामने आ गया और लोगों को यह पता चल गया कि हमारा इतिहास तो गौरवपूर्ण क्रांतिकारी इतिहास पुरुषों की श्रृंखला से भरा पड़ा है, तो देश के लोग उस चरखा वाले आंदोलन को पसंद नहीं करेंगे, जिसकी छद्म अहिंसा से आजादी लेने का झूठा भ्रम कांग्रेस ने फैलाया था। अपने इसी पाप को छुपाए रखने के लिए कांग्रेस ने भारत को महात्मा बुद्ध और महात्मा गांधी का देश कहना आरंभ किया। उसने कभी भी भारत देश को
महाराणा प्रताप और शिवाजी का देश या चंद्रगुप्त और चाणक्य का देश नहीं कहा। इसका कारण केवल एक ही है कि वह हमारे देश को शौर्य संपन्न देश के रूप में स्थापित न होने देकर उसे पराजित मानसिकता वाले देश के रूप में ही स्थापित किये रखना चाहती है। जिसमें कोई भी ‘ अकबर’ यहां के ‘ महाराणा’ को पीटता हुआ ही कांग्रेस को अच्छा लगता है।
डॉ आर्य अपने लेखन में हिंदू समाज का कदम – कदम पर आह्वान करते हैं, उसे झकझोरते हैं, उसे जगाने का प्रयास करते हैं और उसकी गर्दन को पकड़कर इतिहास के उस गौरवशाली अतीत की ओर ले जाना चाहते हैं जिसमें हमारे पूर्वजों ने देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अनेक वीरतापूर्ण कार्य किए थे। इसके चलते हम कभी उन लोगों के साथ समन्वय स्थापित नहीं कर पाए जो हमारे पूर्वजों पर अत्याचार कर रहे थे और इन अत्याचारों का कारण केवल एक था कि वह हमारी संस्कृति, हमारे धर्म और हमारे वैदिक सिद्धांतों को मिटा देना चाहते थे। अपने गौरवपूर्ण अतीत पर गर्व करना डॉ आर्य की लेखनी की विशिष्टता है। वह अपने पूर्वजों के वैभव को और उनके पराक्रम को आज की पीढ़ी के हृदय में यथावत् स्थापित कर देना चाहते हैं।
पृष्ठ 63 पर वह इकबाल की इन पंक्तियों को उद्धृत करते हैं :-
यूनानियों को जिसने हैरान कर दिया था,
तुर्कों का जिसने दामन हीरों से भर दिया था,
मिट्टी को जिसकी हमने जर का असर दिया था,
सारे जहां को जिसने इल्मों हुनर दिया था,
मेरा वतन वही है, मेरा वतन वही है ।
भारत की अलसाई हुई युवा पीढ़ी को जगाते हुए डॉ आर्य राष्ट्रकवि दिनकर की इन पंक्तियों को गुनगुनाते हैं :-
जहां शस्त्र बल नहीं शास्त्र वहां रोते या पछताते हैं।
ऋषियों को भी सिद्धि तप से तभी मिलती है,
जब पहरे पर स्वयं धनुर्धर राम खड़े हो जाते हैं।।-
हिंदू समाज को जगाते हुए लेखक और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ राकेश कुमार आर्य मैथिलीशरण गुप्त जी की इन पंक्तियों को भी इस पुस्तक के पृष्ठ संख्या 125 पर उल्लेखित करते हैं :-
” हम हिंदुओं के सामने आदर्श जैसे प्राप्त हैं,
संसार में किस जाति को किस ठौर वैसे प्राप्त हैं,
भव सिंधु में निज पूर्वजों की रीति से ही हम तरें,
यदि हो सके वैसे ना हम तो अनुकरण तो भी करें,
क्या कार्य दुष्कर है भला यदि इष्ट हो हमको कहीं।
उस सृष्टि कर्ता ईश का ईशत्व क्या हम में नहीं ?
यदि हम किसी भी कार्य को करते हुए असमर्थ हैं,
तो उस अखिलकर्ता-पिता के पुत्र ही हम व्यर्थ हैं।।”
इस प्रकार डॉ आर्य की यह पुस्तक एक आह्वान है, एक अभियान है, एक मिशन है, एक योजना है – उस राष्ट्र निर्माण की और उस राष्ट्रीय संकल्प की जो हमें विश्व का नेतृत्व करने की क्षमताओं से लबालब भर देना चाहती है।
( मूल्य ₹300)
प्रकाशन : साहित्यागार ,जयपुर
प्राप्ति हेतु संपर्क सूत्र: 0141- 40 22 382 , 2310 785
Jd News Vision