Jdnews Vision
जबलपुर/इंदौर : : मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी.पी. पाठक ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रमुख सचिव (ऊर्जा) श्री मनीष सिंह, ऊर्जा सचिव एवं सीएमडी (पावर मैनेजमेंट कंपनी) श्री विशेष गढ़पाले तथा सभी बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालकों को पत्र प्रेषित कर कर्मचारियों की पदोन्नति का अनुरोध किया गया है।
फेडरेशन ने कहा कि वर्तमान में शासन और प्रबंधन के संवेदनशील रुख, कुशल नेतृत्व एवं सकारात्मक सोच से बिजली कंपनियों के सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के हित में लगातार निर्णय हो रहे हैं। इसके लिए आभार व्यक्त करते हुए फेडरेशन ने मांग की है कि जिस प्रकार एम.पी. पावर मैनेजमेंट कंपनी, जबलपुर द्वारा अपनी कंपनी के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ‘दफ्तरी’ के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है, उसी के अनुरूप अन्य सभी बिजली कंपनियों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी दफ्तरी के पद पर पदोन्नति दी जाए। इसके साथ ही राज्य शासन के नियमों के अनुरूप चतुर्थ श्रेणी के चपरासी व भृत्य कर्मचारियों को ‘कार्यालय सहायक श्रेणी-3’ के पद पर पदोन्नत किया जाए।
मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम तथा जबलपुर कलेक्टर कार्यालय सहित अनेक विभागों ने आदेश जारी कर अपने यहाँ कार्यरत चपरासी और भृत्यों को कार्यालय सहायक श्रेणी-3 के पद पर पदोन्नत कर दिया है।
इसी तर्ज पर मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग के अधीन कार्यरत सभी छह बिजली कंपनियों—एम.पी. पावर मैनेजमेंट कंपनी, मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी, मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी, मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर, मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, इंदौर, मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, भोपाल में लंबे समय से कार्यरत चतुर्थ श्रेणी (चपरासी/भृत्य) कार्मिकों को भी कार्यालय सहायक श्रेणी-3 के पद पर पदोन्नति प्रदान करें।
– मदन वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता
मप्र विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन
जबलपुर शाखा इंदौर
Jd News Vision