Jdnews Vision
वंदे भारत में परिजनों को छोड़ने आना पड़ा महंगा, परिवार पर लगा 36 हजार का जुर्माना….
अपने घर -परिवार से यदि कोई ट्रेन से कहीं जा रहा होता है, तो उसे छोड़ने के लिए स्टेशन पर तो परिवार के कुछ सदस्य जाते ही हैं. लेकिन एक परिवार को यही करना भारी पड़ गया. इस परिवार पर रेलवे ने 36 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया.
क्योंकि बनारस से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में इस परिवार को बिना टिकट सफर करना पड़ा.
रेलवे ने परिवार के 12 लोगों और एक बच्चे से किराया और जुर्माने के तौर पर कुल 36 हजार 140 रुपये वसूले हैं. जबकि ये परिवार केवल स्टेशन पर अपने परिजनों को छोड़ने आया था, लेकिन आखिर समय में ट्रेन का दरवाजा बंद हो गया और परिवार ट्रेन में ही फंस गया.
क्या है पूरा मामला?
मामला 15 नवंबर 2026 का ह, जब गाड़ी संख्या 22415 वंदे भारत एक्सप्रेस में कुछ लोग अपने परिजनों को छोड़ने और उनका सामान रखने के लिए ट्रेन के अंदर चढ़ गए थे. इसी दौरान ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद हो गए और ट्रेन रवाना हो गई. ऐसे में ये लोग समय रहते नीचे नहीं उतर पाए और ट्रेन के अंदर ही रह गए.
इस मामले की जानकारी टूंडला कंट्रोल रूम से रेलवे प्रशासन को मिली. इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF, राजकीय रेलवे पुलिस यानी GRP और स्टेशन अधीक्षक की मौजूदगी में मुख्य टिकट निरीक्षक ने जांच की.
रेलवे से वसूला जुर्माना
जांच के दौरान ट्रेन में 12 वयस्क और एक बच्चा बिना वैध टिकट के मिले. रेलवे ने इन्हें अनधिकृत यात्री मानते हुए नियमों के मुताबिक किराया और जुर्माना लगाया. इस तरह सभी से कुल 36 हजार 140 रुपये वसूले गए.
रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने इस घटना के बाद यात्रियों और उनके परिजनों से अपील की है कि किसी को ट्रेन में छोड़ने या उसका सामान रखने के लिए ट्रेन के अंदर न चढ़ें. स्टेशन पर आने वाले लोगों के पास वैध प्लेटफॉर्म टिकट होना जरूरी है.
रेलवे का कहना है कि वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दरवाजे अपने आप बंद हो जाते हैं. ऐसे में अगर कोई व्यक्ति बिना टिकट ट्रेन के अंदर चढ़ता है और ट्रेन के रवाना होने के बाद अंदर ही रह जाता है, तो उसे रेलवे के नियमों के तहत किराया और जुर्माना देना पड़ सकता है.
GF…..
अहमद बिलाल….
Jd News Vision