Jdnews Vision….
शैलेन्द्र सिंह चौहान…
लखनऊ : : सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के कटरा बक्कास में सोमवार दोपहर जमीन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में खुर्दही के पास प्रॉपर्टी कारोबारी नईम को दिनदहाड़े तीन गोलियां मार दी गईं। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से पैदल ही भाग निकला।
घायल नईम कटरा बक्कास खुर्दही का रहने वाला है और प्रॉपर्टी का काम करता है। बक्कास से सीतारामपुरवा जाने वाले रास्ते पर पानी की टंकी के पास उसकी प्लॉटिंग चल रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे आलमबाग निवासी सुखविंदर सिंह अपनी खरीदी हुई जमीन पर मजदूरों से निर्माण करा रहा था। उसने हाल ही में नईम की प्लॉटिंग से सटी जमीन खरीदी थी। उसी जमीन की हदबंदी को लेकर दोनों के बीच पहले से तनातनी चल रही थी।
बताया जा रहा है कि नईम मौके पर पहुंचा और बिना पैमाइश के काम कराने का विरोध करते हुए निर्माण रुकवा दिया। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पीली पगड़ी पहने सुखविंदर ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और नईम पर फायर झोंक दिया। तीनों गोलियां नईम के सीने के नीचे दाहिनी ओर लगीं।
बाउंसर ले गए अस्पताल….
वारदात के वक्त नईम के साथ मौजूद दो बाउंसरों ने तत्काल उसे स्कॉर्पियो में डालकर चौकी पहुंचाया और फिर वहां से मेदांता अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर तीनों गोलियां निकाल दी हैं। फिलहाल नईम की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। नईम ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानता था। मौके पर मौजूद लोगों ने भी बताया कि फायरिंग के बाद आरोपी पैदल ही फरार हो गया।
आरोपी है अस्पताल का आईसीयू इंचार्ज…
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुखविंदर सिंह अर्जुनगंज / अहिमामऊ स्थित शताब्दी अस्पताल में आईसीयू इंचार्ज है। वह आलमबाग थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह मोटरसाइकिल से अस्पताल से निकला था और जमीन पर काम कराने की बात कहकर गया था।
5 टीमें कर रहीं तलाश..
सूचना मिलते ही एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव और इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
डीसीपी साउथ मो मुश्ताक़ ने बताया कि सुखविंदर ने जमीन के विवाद में लाइसेंसी पिस्टल से नईम को गोली मारी है।नईम को तीन गोलियां लगी थीं, जिन्हें निकाल दिया गया है। अब वह खतरे से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें बनाई गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Jd News Vision