Breaking News

गार्गी कन्या गुरुकुल महाविद्यालय इगलास का आर्य वीरांगना शिविर : मर्यादित अनुशासित समाज की निर्माता होती है नारी : डॉ राकेश कुमार आर्य…

जेडी न्यूज़ विज़न…..

अलीगढ़ : :  यहां स्थित गार्गी कन्या गुरुकुल महाविद्यालय इगलास में आयोजित आर्या वीरांगना शिविर को संबोधित करते हुए सुप्रसिद्ध इतिहासकार और भारत को समझो अभियान समिति के राष्ट्रीय प्रणेता डॉ राकेश कुमार आर्य ने कहा कि आजकल नारी सशक्तिकरण की बातें भारत में बहुत होती हैं, परंतु नारी सशक्तिकरण है क्या इस पर चिंतन काम होता है। वामपंथी इतिहासकारों या विचारकों ने नारी सशक्तिकरण शब्द को इस प्रकार महिमामंडित किया है कि यह केवल और केवल उनके चिंतन से ही निकल कर आया हुआ शब्द है। इससे पहले भारत के लोग नारी सशक्तिकरण के बारे में कुछ नहीं जानते थे। भारतीय संस्कृति और संस्कृत जैसी पवित्र देव भाषा से कटे होने के कारण भारत के बहुत बड़े वर्ग ने वामपंथी विचारकों की इस मूर्खतापूर्ण धारणा पर अपनी सहमति देकर भारतीयता के साथ अपमानित व्यवहार करने का कार्य किया है। ये वही लोग हैं जो नहीं जानते कि वैदिक वांग्मय में किस प्रकार नारी को सम्मान पूर्ण दृष्टिकोण से देखा गया है ? और उसके लिए सम्मान पूर्ण स्थान छोड़ने में हमारे ऋषि पूर्वजों को किसी प्रकार की कोई आपत्ति कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि नारी अनुशासित और मर्यादित समाज की निर्माता होती है। इसीलिए उसको राष्ट्र निर्माता भी कहते हैं । वैदिक संस्कृति ने ने उसका सम्मान माता निर्माता भवति कहकर किया है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, माता जीजाबाई , रामप्यारी गुजरी जैसी वीरांगनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सबने निहित स्वार्थ को त्याग कर राष्ट्र के लिए काम किया था आज भी इसी प्रकार के कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि वैदिक वांग्मय में हमारे ऋषि-मुनियों के चिंतन के आधार पर नारी को सम्मान पूर्ण स्थान नहीं दिया जाता तो द्रोपदी के चीर हरण की घटना को लेकर श्री कृष्ण जी महाभारत नहीं कराते और उससे पहले रामचंद्र जी कभी भी सीता माता के अपमान को लेकर रावण की श्रीलंका पर आक्रमण नहीं करते। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार हमारे संस्कार बिगड़ रहे हैं उसके दृष्टिगत वैदिक संस्कृति और उसके मूल्यों को अपनाने की आवश्यकता है। इस संबंध में वैदिक ऋषि कहते हैं कि कन्याएं ब्रह्मचर्य के पालन से पूर्ण विदुषी होकर ही विवाह करें (अथर्ववेद 11।5।18।।),माता- पिता अपनी कन्या को पति के घर भेजते समय उसे ज्ञान और विद्या का उपहार दें ।(अथर्ववेद 14।1।6।।),
वरिष्ठ अधिवक्ता और उगता भारत के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह आर्य ने अपने संबोधन ने कहा कि दूसरों की महिलाओं को बलात छीनकर उन्हें अपने हरम में ठूंसना और उनके साथ अमानवीय अत्याचार करना जहां इस्लाम की तथाकथित गंगा जमुनी तहजीब की देन है ,वहीं भारत के ऋषि मुनियों की परंपरा में नारी के सम्मान के लिए युद्ध किए जाने की प्रवृत्ति के हमें दर्शन होते हैं। कहने का अभिप्राय है कि जर जोरू जमीन के लिए वे लोग लड़े हैं जिन्होंने दुनिया के लोगों के अधिकारों को छीनने का पाप किया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण तथ्य है कि ऐसे पापी लोग ही आज हमें नैतिकता का उपदेश देते हैं और कहते हैं कि हमने नारी सम्मान के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने रामचंद्र जी के निर्माण में माता कौशल्या के योगदान का मार्मिक उल्लेख किया और ब्रह्मचारिणियों से माता कौशल्या और सीता, गार्गी जैसी नारी बनने का आवाहन किया। उन्होंने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामचंद्र जी के बारे में भी समाज में धारणा है कि उन्होंने एक धोबी के व्यंग्य पूर्ण शब्दों को सुनकर अपनी पत्नी सीता को वनवास दे दिया था। महर्षि वाल्मीकि रचित ‘रामायण’ के उत्तरकाण्ड के 42वें सर्ग के 31-35 श्लोक में इस मूर्खतापूर्ण आरोप का उत्तर देते हैं । जहां श्रीराम अपनी गर्भवती पत्नी सीता से पूछते हैं कि इस अवस्था में आपकी हार्दिक इच्छा क्या है? तब सीताजी कहती हैं कि हे राघव! मैं पवित्र तपोवनों में रहकर महान ऋषि-मुनियों की सेवा-सत्संग का लाभ उठाना चाहती हूं, जिससे कि मेरा गर्भस्थ शिशु क्षत्रिय तेज के साथ ब्रह्मतेज से भी संयुक्त हो।
अपनी सहधर्मिणी सीता जी के मुखारविंद से इस प्रकार के पवित्र शब्दों को सुनकर श्री राम कहते हैं कि :-‘ ऐसा ही होगा, मैं कल ही आपको तपोवन भेजने की व्यवस्था करूंगा।’ इससे स्पष्ट है कि सीता जी रामचंद्र जी के निकालने से वन नहीं गई थीं। अपितु वह अपनी भीतरी इच्छा से प्रेरित होकर और अपने गर्भस्थ शिशु के भीतर ब्रह्म तेज और क्षत्रिय तेज भरने की भावना से प्रेरित होकर वन के लिए गई थीं। यहां नारी का उत्पीड़न नहीं है अपितु नारी के महत्व को समझ कर और व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका का सम्मान करते हुए रामचंद्र जी ने उन्हें वन जाने की अनुमति दी।
भाषा प्रचारिणी सभा गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष ब्रह्मचारी आर्य सागर ने अवसर परकहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को नष्ट भ्रष्ट करने के लिए एक गहरे षड्यंत्र के अंतर्गत श्री कृष्ण जी पर यह आरोप लगाया जाता है कि उनके रनिवास में 16000 रानियां थीं। यह संस्कृतिघात उन लोगों ने किया है जिन्हें अकबर और अन्य मुगल शासकों की पांच पांच हजार रखैलों का वैधानिकीकरण करना था और यह सिद्ध करना था कि मुगल बादशाहों ने ऐसा करके कुछ भी गलत नहीं किया। क्योंकि इससे पहले तो इस देश में विषय और वासना के नशे में डूबा हुआ श्री कृष्ण नाम का इक व्यक्ति रहा है, जिसके यहां 16000 रानियां थीं। यह दुखद है कि हिंदू समाज ने भी गंगा जमुनी संस्कृति के नाम पर इस प्रकार के आरोपों को खारिज न करके अपना लिया। वास्तव में श्री कृष्ण जी को वेद की 16000 ऋचाएं कंठस्थ थीं। उन्हीं को रूपक अलंकार में प्रस्तुत कर दिया गया। श्री सागर ने कहा कि हमें वैदिक ऋषि और ऋषिकाओं के जीवन का अनुकरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में वर्तमान में जिस प्रकार की परिस्थितियों का निर्माण किया जा रहा है वह हमारी बहनों और बेटियों के लिए बहुत ही अपमानजनक स्थिति है। जिससे हमें सावधान रहने की आवश्यकता है। एक षडयंत्र के अंतर्गत नारी की अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है जिसे समझने की आवश्यकता है।

 


इस अवसर पर आचार्य अरुण कुमार आर्य वीर ने कहा कि भारतीय नारी के लिये वैदिक वांग्मय में बहुत ही सम्मान पूर्ण दृष्टिकोण अपनाया गया है। यजुर्वेद का (21। 5) यह श्लोक देखिए- मंहीमूषु मातरं सुव्रतानामृतस्य पत्नीमवसे हुवेम। तुविक्षत्रामजरन्तीमुरूची सुशर्माणमदितिं सुप्रणीतिम्॥
‘अर्थात हे नारी! तू महाशक्तिमती है। तू सुव्रती संतानों की माता है। तू सत्यशील पति की पत्नी है। तू भरपूर क्षात्रबल से युक्त है। तू मुसीबतों के आक्रमण से जीर्ण न होनेवाली अतिशय कर्मशील है। तू कल्याण करनेवाली और शुभनीति का अनुसरण करनेवाली है।’
गुरुकुल की अधिष्ठाता डॉक्टर मनु आर्य ने कहा कि जब नारी सुसंतानों की माता होती है, उनको जनने वाली होती है, तो राष्ट्र में मर्यादा पालन करने वाले लोगों का प्राबल्य होता है। सर्वत्र शांति और सुव्यवस्था स्थापित रहती है। इससे राष्ट्र सशक्त होता है ,इसीलिए नारी महाशक्तिमती कही गई है कि वह सुव्यवस्थित राष्ट्र की संपदा अर्थात युवाओं की माता है। ऐसी प्रत्येक माता राष्ट्रमाता का सम्मान पाने की स्थिति में होती है, जो राष्ट्र निर्माण के लिए अपनी संतानों का निर्माण करती है। माता निर्माता भवति के बड़े व्यापक अर्थ हैं। इन तीन शब्दों से ही यह स्पष्ट हो जाता है कि हमारे ऋषि पूर्वजों ने माता के राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मानित करते हुए ही उसके विषय में ऐसा कहा था।
ब्रह्मचारिणियों को संबोधित करते हुए स्वामी प्राण देव जी महाराज ने कहा कि आज सर्वत्र व्यभिचार को प्रोत्साहित करने वाले साहित्य का निर्माण हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हो या फिर प्रिंट मीडिया हो इन सबने अपनी भूमिका से दूर जाकर नारी को बाजार की वस्तु बनाने में अपना योगदान किया है। यदि इनके सामने वेद की नारी का चित्र आ जाए और उसके मर्यादापूर्ण धर्माचरण को स्पष्ट किया जाए तो ये आधुनिकता के नाम पर नारी की सच्चरित्रता की उस पवित्रतम तस्वीर को स्वीकार करने को तैयार नहीं होंगे।
कहने का अभिप्राय है कि हमारे यहां पर हमारे पूर्वज ससुराल के लिए विदा होती हुई बेटी को कभी दूसरे का घर बिगाड़ने की शिक्षा नहीं देते थे। वे जानते थे कि बेटी जितनी ही अधिक गंभीर और मर्यादित होकर अपनी भूमिका का निर्वाह ससुराल पक्ष में करेगी, उतना ही उसका जीवन आनंदित रहेगा। इसीलिए कहा गया है कि स्त्री अपनी विद्वत्ता और शुभ गुणों से पति के घर में सबको प्रसन्न रखे (अथर्ववेद 14।1।20।।), पति अपनी नववधू से कहता है- तुम सभी सांसारिक कलाओं की ज्ञाता हो, तुम हमारे कुल की धन-समृद्धि और मान को बढ़ाओ (अथर्ववेद 7।47।2।।)। वेदस्त्री और पुरुष दोनों को समान अधिकार देते हुए कहते हैं कि राजा ही नहीं, रानी भी न्याय करने वाली हों (यजुर्वेद 10।26।।)। वैदिक ऋषि स्त्रियों को युद्ध में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं (यजुर्वेद 17।45।।)।
वेद प्रचारिणी सभा जनपद गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह आर्य ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज हमें भारत को विश्व गुरु के रूप में सम्मानित होते देखने के लिए वैदिक नारी के आदर्श चरित्र को अपनाने की आवश्यकता है। यदि हम वैदिक वांग्मय में नारी के प्रति व्यक्त किए गए श्रद्धा भाव को अपनाकर उसे । क्रियान्वित करने की ओर जागरूक होते हैं तो निश्चय ही इससे भारत का सामाजिक परिवेश बहुत ही सुरक्षित और सुंदर बन जाएगा। हमें चाहिए कि अपनी प्राचीन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के प्रति सदैव सावधान रहें। ज्ञात रहे कि इस गुरुकुल में 7 दिन चले इस शिविर में विभिन्न विद्वानों सामाजिक कार्यकर्ताओं राजनीतिक लोगों ने आकर ब्रह्मचारिणियों का मार्गदर्शन किया।

About admin

Check Also

पुलिस महकमे में आंशिक फेरबदल, नवागत आभा सिंह बनीं सीओ कैंट

जेडी न्यूज विजन…. सन्तोष कुमार गुप्ता….. एसएसपी ने महत्वपूर्ण सर्किल की सौंपी जिम्मेदारी, अरुणकुमार एस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *