Jdnews Vision….
राष्ट्र और संगठन को मजबूत करने का लिया गया संकल्प…
ग्रेटर नोएडा : : यहां स्थित आर्य समाज घोड़ी बछेड़ा का वार्षिक सम्मेलन 12 नवंबर से 15 नवंबर तक चला। चार दिनों तक चले इस वार्षिक सम्मेलन में विभिन्न आर्य विद्वानों ने राष्ट्र और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र में राष्ट्र निर्माण पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष और आर्य समाज के सुप्रसिद्ध भामाशाह ठाकुर विक्रम सिंह की विशेष उपस्थिति रही। जिन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी में विशेष योगदान देने वाले आर्य समाज की संगठन शक्ति को मजबूत करना आज हम सब की प्राथमिकता होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक सामान्य व्यक्ति जो मत-मतान्तरों की सत्यासत्ययुक्त शिक्षाओं के अनुसार जीवन व्यतीत करता है वह वेदों के महत्व को तब तक नहीं समझ सकता जब तक कि वह पक्षपातरहित व शुद्ध मन व प्रवृत्तियों वाला न हो। जब तक मनुष्य में अपने मत के प्रति आग्रह व दुराग्रह होता है, वह इतर मतों के सत्य व अधिक महत्वपूर्ण ज्ञान व विवेकपूर्ण बातों को स्वीकार करने की सामथ्र्य नहीं रखता। ठाकुर विक्रम सिंह ने कहा कि सत्य को यदि स्वीकार करना हो तो मनुष्य को योग की शरण में जाकर यम व नियमों का पालन कर अपने जीवन को सत्य व शुद्ध विचारों से युक्त करना होता है। ऋषि दयानन्द वेदज्ञान को इसलिये प्राप्त कर सके क्योंकि उनमें सत्य को जानने के प्रति तीव्र भावना व इच्छा शक्ति थी। वह किसी भी बात को बिना परीक्षा किये स्वीकार नहीं करते थे।
ठाकुर विक्रम सिंह ने कहा कि महर्षि दयानंद जी महाराज मूर्तिपूजा को इसलिये स्वीकार नहीं करते थे कि मूर्ति में ईश्वर के समान चेतनता, ज्ञान, सामथ्र्य, जीवों को सुख प्रदान करना, मनुष्यों को सद्प्रेरणा करना आदि जैसी बातों का अभाव होता है। मूर्ति तो अपने वस्त्र भी नहीं बदल शक्ति और न ही हिलडुल सकती है। इस कारण ऋषि दयानन्द को मूर्ति की शक्तियों में सन्देह हो गया था जिसे उस समय के मूर्तिपूजा करने वाले विद्वान उन्हें समझा नहीं सके थे। इससे उनमें सत्य ज्ञान की प्राप्ति का भाव व संकल्प उत्पन्न हुआ था। इस विचार व भावना ने ही उन्हें सच्चा जिज्ञासु तथा सत्यान्वेषी बनाया था।
निरंतर चारों दिन उपस्थित रहे डॉक्टर कर्णसिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती के अनुसार, चारों वेद ईश्वर द्वारा प्रदत्त सब सत्य विद्याओं का पुस्तक हैं। उन्होंने अपनी प्रसिद्ध कृति ऋग्वेदादिभाष्यभूमिका में स्पष्ट किया है कि वेदों के चार मुख्य विषय हैं—ज्ञान, कर्म, उपासना और विज्ञान। उन्होंने कहा कि ऋग्वेद में ईश्वर, जीवात्मा और प्रकृति के वास्तविक स्वरूप का वर्णन है। यह वेद सृष्टि के पदार्थों के गुण, धर्म और ब्रह्मविद्या का मूल ज्ञान प्रदान करता है। जबकि यजुर्वेद में मनुष्य के दैनिक कर्तव्यों, श्रेष्ठ कर्मों और यज्ञों की विधियों का उपदेश है। यह जीवन में धर्म, न्याय, और सामाजिक व्यवहार को शुद्ध रखने की प्रेरणा देता है।
आचार्य श्री ने कहा कि सामवेद का मुख्य विषय ईश्वर की स्तुति, प्रार्थना और योग द्वारा उपासना करना है। यह जीवात्मा को परमात्मा के निकट ले जाने और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करने का मार्ग दिखाता है। इसी प्रकार अथर्ववेद में ब्रह्मांड के सूक्ष्म रहस्यों, औषधियों, आयुर्वेद, शिल्प और भौतिक विज्ञानों का समावेश है। यह शरीर और राष्ट्र की रक्षा के व्यावहारिक उपाय बताता है। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद के अनुसार वेद मानव मात्र को अज्ञान से निकालकर लौकिक उन्नति और मोक्ष प्राप्त करने का मार्ग दिखाते हैं। हमें इसी के अनुसार अपना जीवन बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे मुख्य वक्ता डॉ राकेश कुमार आर्य ने राष्ट्र उत्थान, भारत का गौरवशाली इतिहास और आर्य समाज विषय पर अपना व्याख्यान देते हुए कहा कि हमारे यहां राम की सूर्यवंशी आदर्श परंपरा मिलती है। जिसका आदर्श आज भी हमारा मार्गदर्शन कर रहा है । डॉ आर्य ने कहा कि राम और भरत का प्रेम केवल त्रेताकाल की ही एक आदर्श व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह उससे पहले भी और उसके बाद भी निरंतर हमारा मार्गदर्शन करती रही है। उन्होंने कहा कि हरिहर और बुक्काराय जैसे दो भाई मिलकर विजयनगर राज्य की स्थापना करते हैं, जो लगभग सवा तीन सौ वर्ष तक निरंतर एक स्वतंत्र राज्य के रूप में भारत में काम करता रहा और कोई भी मुगल उसे पराजित नहीं कर पाया। इसी प्रकार शक्ति सिंह और महाराणा प्रताप का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब शक्ति सिंह ने विशेष परिस्थिति में अपने भाई महाराणा प्रताप की प्राण रक्षा की तो दोनों भाई गले मिलकर उसी प्रकार आंसू बहाने लगे थे जिस प्रकार कभी राम और भरत का मिलाप हुआ था। डॉ आर्य ने कहा कि शहाबुद्दीन गौरी और उसका भाई गयासुद्दीन गौरी इस्लाम के इतिहास में अकेला एक ऐसा उदाहरण है जिन्होंने मिलकर एक साथ एक ही राजधानी से शासन किया। इसका कारण यह था कि उनका मौलिक संस्कार हिंदू का था, क्योंकि उनके पूर्वज गॉड राजपूत हुआ करते थे।
उन्होंने कहा कि श्री राम ने अपने जीवन काल में ही अपने पुत्र लव और कुश के साथ-साथ अपने भाई भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के पुत्रों में अपना राज्य बांट दिया था। यह भी एक आदर्श उदाहरण है। जिससे पता चलता है कि उनका राम और भारत का प्रेम उनके जीवन में नहीं उनके अगली पीढ़ी में भी बना रहा था। जिसे सारे पुत्रों ने बड़े हर्ष के साथ स्वीकार किया था। जबकि मुगलों के शासनकाल में अपने सारे परिवार को खत्म करके राजकुमार गद्दी प्राप्त करते रहे और वही आज हमारे लिए आदर्श हो गए।

उन्होंने कहा कि कभी राजा ययाति ने भी अपने पांच पुत्रों यदु , द्राहयु, तनु, तुर्वसु और पुरू के मध्य सारा भूमंडल विभाजित कर दिया था। इस समय से हमारे यहां पर पंच परमेश्वर अथवा पंच परंपरा स्थापित हुई। जो आज भी किसी ने किसी रूप में हमारा मार्गदर्शन कर रही है।
डॉ राकेश कुमार आर्य ने कहा कि हमें वर्तमान परिस्थितियों में अपने प्राचीन गौरवपूर्ण इतिहास और उसकी परंपराओं को स्थापित करने की आवश्यकता है। इसलिए आज के समय में हम जातीय आधार पर अपने आप को विभाजित ना करें। सारे संसार को कार्य बनाने के लिए महान संकल्प के साथ आगे बढ़ने का साहस दिखाएं तो सारी दुनिया हमारी होगी।
आर्य विद्वान आचार्य दशरथ कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ‘आर्य’ शब्द मनुष्य निर्मित शब्द न होकर परमात्मा की देन है जो उसने वेद के माध्यम से सृष्टि के आरम्भ में ही हमें दिया गया था। वेद वह ईश्वरीय ज्ञान है जो ईश्वर ने सृष्टि के आदि में चार ऋषि अग्नि, वायु, आदित्य तथा अंगिरा के हृदय में प्रेरणा द्वारा स्थापित किया। वेदों में अनेक स्थानों पर मनुष्यों के लिए ‘आर्य’ शब्द का प्रयोग मिलता है। ‘आर्य’ शब्द एक गुणवाचक शब्द व नाम है जिसे हम सृष्टि के सभी मनुष्यों को बिना उनका निज नाम जाने सम्बोधन के लिए प्रयोग कर सकते हैं। यह ऐसा ही है जैसे अंग्रेजी में अनजान व्यक्ति या व्यक्तियों को सम्बोधन के लिए ‘जेन्टलमैन’ शब्द का प्रयोग करते हैं।
उन्होंने कहा कि जेन्टलमैन के अर्थ हैं ’विशिष्ट व्यक्ति। यही भावना व इससे कहीं अधिक प्रभावशाली शब्द आर्य है। पहला कारण तो यह हमें इस संसार के निर्माता ईश्वर से प्राप्त हुआ है। दूसरा इसके अर्थ देखने पर यह विदित होता है कि इसमें अनेकानेक गुणों का समावेश है। क्या ऐसे गुण संसार के किसी अन्य शब्द में हैं जिसका प्रयोग हम मनुष्यों के लिए करते हैं ? यदि नहीं है तो इसे अपनाने व अन्य अल्प गुण व अल्प भद्रभाव वाले शब्दों को छोड़ने में हमें क्यों आपत्ति है? आईये आर्य शब्द में निहित वाच्यार्थ व भावार्थ को देखते हैं। आचार्य श्री ने कहा कि आर्य शब्द में श्रेष्ठ स्वभाव, धर्मात्मा, परोपकारी, सत्य-विद्यादि गुणयुक्त और आर्य देश में उत्पन्न होना व बसना आदि गुण व भाव निहित है। इसका यह भी अर्थ है आर्य दुष्ट स्वभाव से पृथक होता है, उत्तम विद्यादि के प्रचार से सबके लिए उत्तम भोग की सिद्धि और अधर्मी दुष्टों के निवारण के लिए निरन्तर यत्न करता है। अत: आर्य कहलाने वाले व्यक्ति सत्यविद्या आदि शुभ गुणों से अलंकृत होते हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन आर्य विद्वान सतीश शास्त्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आर्य समाज के प्रधान रविंद्र आर्य, उप प्रधान पंडित संजय आर्य, मंत्री एडवोकेट दिनेश कुमार आर्य, उप मंत्री जसवीर आर्य, कोषाध्यक्ष एडवोकेट गौरव आर्य, सतीश कुमार एवं राजकुमार आर्य का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में भजनोपदेशक के रूप में अजय शास्त्री व संगीता आर्या की उपस्थिति रही। विभिन्न सत्रों में बलवीर सिंह आर्य, किशन लाल आर्य, संत कुमार आर्य, किताब सिंह आर्य, आर्य उप प्रतिनिधि सभा गौतम बुद्ध नगर के मंत्री पंडित धर्मवीर आर्य, उपाध्यक्ष महावीर सिंह आर्य आर्य भाषा प्रचारिणी सभा के जिला अध्यक्ष ब्रह्मचारी आर्य सागर, वेद प्रचारिणी सभा के जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह आर्य, मंत्री हेम सिंह आर्य, गजराज सिंह आर्य,रामप्रसाद आर्य, राघवेंद्र आर्य, रामकेश आर्य, विक्रम देव शास्त्री, ललित आर्य, मूलचंद शर्मा, देव मुनि जी महाराज, विजेंद्र सिंह आर्य, आर्य वीरेश भाटी, जीता आर्य, मास्टर भोपाल सिंह आर्य, गिरीश मित्तल, राजेंद्र सिंह आर्य, प्रमोद आर्य सहित अनेक आर्य जनों की विशेष उपस्थिति रही।
Jd News Vision