Jdnews Vision….
शैलेन्द्र सिंह चौहान….
लखनऊ : : एक विवाहिता ने अपने पति सहित पांच ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने, धमकाने और स्त्रीधन हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़िता नूतन कुमारी का कहना है कि उनका विवाह 6 मार्च 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से शिवांशु कुमार चौधरी के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास रामावती देवी, जेठ पंकज कुमार, ननद वंदना चौधरी और देवरानी/जेठानी कविता चौधरी उन्हें परेशान करने लगे।
शिकायत में कहा गया है कि ससुराल पक्ष की ओर से परिवार के हर सदस्य के लिए सोने की चेन और बड़ी रकम की मांग की जाती थी। मांग न पूरी होने पर गाली-गलौज, ताने और मानसिक दबाव बनाया जाता था। विवाहिता ने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने और विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। दिसंबर 2025 में मोबाइल को लेकर हुए विवाद में मारपीट व धमकी देने की बात भी कही गई है।
आरोप है कि पति ने कोलकाता ट्रांसफर का झांसा देकर उन्हें अकेले कोलकाता भेज दिया और बाद में संपर्क तोड़ लिया। 14 अगस्त 2026 को जब वह लखनऊ स्थित ससुराल पहुंची तो घर पर ताला लगा मिला। दबाव में उनसे समझौता पत्र और माफी-संबंधी शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप है।
विवाहिता का कहना है कि उनका स्त्रीधन पति और सास के पास है, मांगने पर भी नहीं लौटाया जा रहा। इस बारे में 3 अक्टूबर 2026 को कानूनी नोटिस भी भेजा गया था। पीड़िता ने पहले थाना महेशतला, जिला दक्षिण 24 परगना (पश्चिम बंगाल) में शिकायत की थी। आरोपितों का निवास सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में होने के कारण यहां मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
Jd News Vision