Breaking News

नई नियमित भर्ती के बिना सभी आउटसोर्स कर्मियों की सेवा समाप्त करने से बिजली की सुचारू व्यवस्था असंभव – राकेश डी.पी. पाठक….

Jdnews Vision…

 

इंदौर: : मध्य प्रदेश शासन के आदेश के कारण प्रदेश की सभी बिजली कंपनियों में काम कर रहे हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर संकट मंडरा गया है। राज्य सरकार ने चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर बाकी सभी नियमित पदों पर काम कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं 31 मार्च 2027 तक समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।

मध्य प्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी.पी. पाठक ने कहा कि आज मध्य प्रदेश की सभी बिजली कंपनियों—एम.पी. पावर मैनेजमेंट कंपनी, मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी, मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी, मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (जबलपुर), मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (भोपाल) और पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (इंदौर)—की पूरी व्यवस्था, जैसे बिजली उत्पादन, पारेषण, वितरण, कार्यालयीन कार्य और उपभोक्ता सेवा से संबंधित सभी कार्य आउटसोर्स कर्मचारियों और संविदा कर्मियों के भरोसे चल रहे हैं। बिजली सेक्टर में 20 वर्षों से नियमित नियुक्तियाँ लगभग बंद सी थीं, यहाँ तक कि अनुकंपा नियुक्ति पर भी रोक लगा दी गई थी। बीच में कंपनी कैडर और संविदा के नाम पर थोड़ी सी नाममात्र नियुक्तियाँ दी गईं, जो कि विसंगतिपूर्ण थीं। बिजली कंपनियों में 15-20 वर्षों से अधिक समय से आउटसोर्स कर्मचारी और संविदा कर्मी अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

राकेश डी.पी. पाठक ने कहा कि आज बिजली कंपनियों में नियमित कर्मचारी मात्र 10 प्रतिशत बचे हैं, जबकि शेष 90 प्रतिशत काम आउटसोर्स और संविदा कर्मियों के दम पर चल रहा है, जिससे प्रदेश में सुचारू बिजली व्यवस्था और उपभोक्ता सेवा के कार्य संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि बिजली कंपनियों में शासन द्वारा स्वीकृत 50 हजार पदों पर नियमित नियुक्ति किए बिना इन कर्मचारियों को निकाला गया, तो प्रदेश की सभी बिजली कंपनियों का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो जाएगा। यहाँ तक कि राज्य की सुचारू बिजली व्यवस्था पर भी इसका विपरीत असर पड़ेगा। अतः इन सभी कर्मचारियों को नियमित पदों पर नियुक्ति प्रदान की जानी चाहिए।

राकेश डी.पी. पाठक ने कहा कि एक तरफ मध्य प्रदेश के संवेदनशील और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने वाले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी लगातार कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में ऐतिहासिक निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने बिजली कंपनियों में नई भर्ती हेतु 50 हजार से अधिक पदों की स्वीकृति प्रदान की है। 26 वर्षों से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के पेंशनर्स राज्य विभाजन का दंश झेल रहे थे, जिन्हें समय पर महंगाई भत्ता, महंगाई राहत और पेंशन राहत नहीं मिल रही थी और उनका शोषण हो रहा था; मुख्यमंत्री ने उस समस्या को दूर किया है। ऐसे में अधिकारियों द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का यह असंवेदनशील और असंवैधानिक निर्णय क्यों लिया जा रहा है?

फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी.पी. पाठक, यू.के. पाठक, लक्ष्मण सिंह राजपूत, एन.के. यादव, दिनेश दुबे, उमाशंकर मेहता, सुरेश बाबू खरे, नरेंद्र मिश्रा, बी.एस. राठौर, रामेश्वर गांगे, आर.के. कौशिक, जी.एस. खंडेलवाल, बी.पी. पटेल, जी.एल. चौरसिया, अनूप वर्मा, केदारनाथ अग्निहोत्री, किशोर चौहान, ओ.पी. पांडे, विमल महापात्र, अफसार अहमद, गोपाल चौहान, मदन वर्मा, टी.आर. वैरागी, सुरेंद्र तिवारी, राजेश मिश्रा, संजय सिंह, मोहित पटेल, योगेश पटेल, अक्षय श्रीवास्तव, मनोज पाठक, दयाशंकर द्विवेदी, दिलीप पाठक, दीपक मेमने, सुधीर मिश्रा, आर.के. चौबे, मोहन श्रीवास, अजय चौबे, योगेश डोंगरे, अविनाश तिवारी, कार्तिक शर्मा, पुष्पेंद्र यादव, अमित पांडेय, आशीष मिश्रा और एस.के. यादव सहित फेडरेशन के सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी से अनुरोध किया है कि अधिकारियों की इस लालफीताशाही और हठधर्मितापूर्ण सोच के आदेश को तत्काल निरस्त कराने की कृपा करें। फेडरेशन ने माँग की है कि सभी संविदा कर्मियों को नियमित किया जाए और सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित पदों पर स्थायी नियुक्ति प्रदान की जाए।

प्रदेश में लाखों आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न विभागों में कार्य कर रहे हैं, जिनमें से आधे से अधिक की नौकरियाँ जा सकती हैं। इसका सबसे बड़ा असर बिजली कंपनियों में तकनीकी कार्य करने वाले कर्मियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, डेटा एंट्री ऑपरेटरों और ऑफिस असिस्टेंट्स पर पड़ने की आशंका है।

इस आदेश के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। फेडरेशन का कहना है कि बिजली कंपनियों में वर्षों से (कई कर्मचारी तो 15-20 साल से) नियमित कर्मचारियों जैसा ही कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें बिना किसी स्थायी नीति के बाहर किया जा रहा है।

फेडरेशन की प्रमुख माँगे:

बिजली कंपनियों में आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने से पहले 50 हजार स्वीकृत पदों पर नियमित नियुक्तियाँ दी जाएँ।

एजेंसी प्रथा समाप्त कर विभाग के माध्यम से ही आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधे सेवा में लिया जाए और उनका भुगतान सीधे बिजली कंपनियों द्वारा किया जाए।

सभी संविदा कर्मियों का संविलियन कर उन्हें नियमित नियुक्ति प्रदान की जाए।

बिजली कंपनियों में “समान कार्य – समान वेतन” की व्यवस्था लागू की जाए।

 

– मदन वर्मा…

 

About admin

Check Also

बिजली उपभोक्ताओं एवं कर्मचारियों के प्रति शासन संवेदनशील है – मनीष सिंह.. प्रमुख सचिव ऊर्जा  

*बिजली उपभोक्ताओं एवं कर्मचारियों के प्रति शासन संवेदनशील है – मनीष सिंह, प्रमुख सचिव ऊर्जा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *